,

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी ने छीनी बुज़ुर्ग की जान, 150 से ज्यादा बीमार

Author Picture
Published On: 30 December 2025

इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। दूषित पानी पीने से अब तक डेढ़ सौ से अधिक लोग उल्टी-दस्त की चपेट में आ चुके हैं। सोमवार को हालत तब और गंभीर हो गई, जब 35 से ज्यादा मरीजों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा। इलाके में भय और गुस्से का माहौल है। इस पूरे मामले में सबसे दुखद खबर मंगलवार सुबह सामने आई। 75 वर्षीय नंदलाल पाल की वर्मा हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया है, लेकिन परिजनों का कहना है कि उन्हें दूषित पानी पीने के बाद ही 28 दिसंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मौत ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वर्मा हॉस्पिटल में मंगलवार को भी मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। यहां पांच नए मरीज भर्ती किए गए, जबकि दो को छुट्टी दी गई। फिलहाल अस्पताल में 20 मरीजों का इलाज चल रहा है। इसके अलावा कई मरीजों को त्रिवेणी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश मरीज डिहाइड्रेशन और इंफेक्शन से जूझ रहे हैं।

CM ने लिया तत्काल संज्ञान

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तुरंत संज्ञान लिया और प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। सोमवार देर रात मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अस्पताल पहुंचे और मरीजों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी मरीजों का इलाज प्रशासन की जिम्मेदारी होगी। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने स्पष्ट कहा कि जिन मरीजों ने इलाज के लिए पहले से पैसे जमा कर दिए हैं, उन्हें पूरी राशि वापस की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को इलाज में परेशानी न हो और जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

दूषित पानी की जड़ तलाश में जांच

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वार्ड और आसपास चल रही खुदाई के कारण पाइपलाइन या टंकी में गंदा पानी मिल गया। जबकि इलाके में नर्मदा जल की सप्लाई होती है। प्रशासन अब पानी के सैंपल लेकर जांच में जुटा है, ताकि दूषित पानी के स्रोत का पता लगाया जा सके। इस पूरे मामले को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने वार्ड कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp