,

Indore: वैष्णोदेवी यात्रा पर गए दंपति के घर 60 लाख की चोरी, लौटे तो बिखरा मिला सामान

Author Picture
Published On: 10 February 2026

Indore के बाणगंगा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने वैष्णोदेवी यात्रा पर गए एक दंपति के सूने घर को निशाना बनाते हुए करीब 60 लाख रुपये की चोरी कर ली। चोरी का खुलासा सोमवार को तब हुआ, जब दंपति यात्रा से लौटकर घर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, यह चोरी बाणेश्वरी कुंड के पीछे स्थित डागर मोहल्ले में हुई। यहां रहने वाले मनीषा और विनोद यादव कुछ दिनों के लिए वैष्णोदेवी दर्शन के लिए गए थे। उनके घर लौटने पर देखा गया कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था।

घर के अंदर जांच करने पर दंपति को पता चला कि अलमारी और अन्य सुरक्षित स्थानों से करीब 25 लाख रुपये के सोने के आभूषण और 35 लाख रुपये नकद चोरी हो चुके हैं। इतनी बड़ी रकम गायब देख दंपति के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत बाणगंगा पुलिस को इसकी सूचना दी।

घर में रखे थे 35 लाख रुपये

पुलिस जांच में सामने आया है कि विनोद यादव ने रामनगर क्षेत्र में स्थित अपना एक प्लॉट हाल ही में बेचा था। इस सौदे से उन्हें करीब 35 लाख रुपये नकद प्राप्त हुए थे। दंपति नई संपत्ति खरीदने की योजना बना रहे थे, इसी कारण यह रकम घर में रखी हुई थी। चोरों को इस नकदी की पहले से जानकारी थी या नहीं, इस बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही बाणगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्धों की जानकारी सामने आई है। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच जारी है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp