इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में किन्नर समाज के दो गुटों के बीच चल रहा विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। नंदलालपुरा क्षेत्र की रहने वाली सुमैला उर्फ शिमला गुरु पायल कुंवर की शिकायत पर पुलिस ने सनम भास्कर और उसके पति राहुल के खिलाफ धमकाने का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि दोनों ने गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, सुमैला अपनी साथी नेहा कुंवर के साथ सेक्टर-बी स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर इलाके में बधाई मांगने गई थी। इसी दौरान सनम भास्कर अपने पति राहुल के साथ वहां पहुंची। पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि सनम ने कोर्ट में अपने और अपने गुरु सपना हाजी के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। वहीं राहुल ने कथित तौर पर कहा कि यदि सपना हाजी, राजा हासमी, सोनम, काजल और अजय दास के खिलाफ गवाही दी तो जान से मार देंगे।
इंदौर किन्नर विवाद
दूसरी ओर, सनम भास्कर ने इन आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि वह पहले ही पुलिस अधिकारियों को अपनी जान को खतरा होने की जानकारी दे चुकी है। सनम के मुताबिक, घटना वाले दिन उसने लसूडिया टीआई तारेश सोनी को फोन कर बताया था कि दो दर्जन से अधिक किन्नर उसके घर के आसपास घूम रहे हैं। उसने यह भी दावा किया कि पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर साझा की गई थी, लेकिन उसकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया गया।
डीसीपी कार्यालय पहुंची थी सनम
सनम का कहना है कि वह डीसीपी कुमार प्रतीक से मिलने उनके कार्यालय भी पहुंची और करीब दो घंटे तक बाहर बैठी रही। आरोप है कि उसे आश्वासन दिया गया था कि बिना जांच एफआईआर दर्ज नहीं होगी, लेकिन शाम को उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है।
पुराना विवाद बना वजह
बताया जा रहा है कि किन्नर समाज के दो गुटों के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। करीब तीन महीने पहले सनम अपने साथियों के साथ पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह से भी मिली थी और सुरक्षा की मांग की थी। हाल ही में एक पुराने मामले में सपना हाजी और उसके साथियों पर एफआईआर दर्ज करने को लेकर पंढरीनाथ थाने के टीआई अजय राजौरिया पर भी कार्रवाई हुई थी।
लसूडिया पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
