इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में बहू और सास-ससुर के बीच लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद अब खुलकर पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है। एफआईआर दर्ज न होने से नाराज महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मेडिकल परीक्षण कराया और पति, सास-ससुर समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस मामले की खास बात यह है कि बहू की ओर से पति पर यह दूसरी, जबकि सास-ससुर और अन्य पर पहली एफआईआर है। इससे पहले इसी परिवार की ओर से बहू के खिलाफ तीन शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं। ऐसे में मामला अब दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है।
लसूडिया के शांति निकेतन क्षेत्र में 14 दिसंबर को हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके दो दिन बाद ससुर की शिकायत पर बहू के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। अब उसी विवाद से जुड़े घटनाक्रम में बहू की शिकायत पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है।
मारपीट का आरोप
नेहरू कुटिया, मालकागंज दिल्ली निवासी रुचि शर्मा ने शिकायत में बताया कि करीब एक सप्ताह पहले हुए झगड़े के दौरान पति नितेश सिंघानिया, सास कनकलता, ससुर विनोद और एक रिश्तेदार ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि इस घटना में उसे और उसके बेटे को चोटें आईं। महिला का कहना है कि शुरुआत में पुलिस ने उसकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की। बाद में मारपीट और घर से बाहर निकाले जाने से जुड़े वीडियो सामने आए और उसने वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने मेडिकल कराया और प्रकरण दर्ज किया।
ससुर की ओर से भी गंभीर आरोप
करीब 5 दिन पहले 70 वर्षीय ससुर विनोद सिंघानिया ने बहू रुचि और उसकी बहन के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज कराया था। उनका आरोप है कि बहू ने उनकी पत्नी कनकलता और बेटे के साथ मारपीट की, जिससे कनकलता को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। ससुर के अनुसार, बहू घर के एक कमरे में जबरन रह रही है और रोजमर्रा की बातों पर विवाद करती है। टिफिन में सामान रखकर बाहर भेजने को लेकर हुए विवाद ने 14 दिसंबर को उग्र रूप ले लिया। इसी दौरान मारपीट और धक्का-मुक्की के आरोप सामने आए।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं केस
यह पहला मौका नहीं है जब यह मामला पुलिस तक पहुंचा हो। दो महीने पहले भी सास ने बहू के खिलाफ जबरन घर में घुसने और कब्जे की कोशिश का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। वहीं, बहू इससे पहले गाजियाबाद और दिल्ली में भी पति और ससुराल पक्ष पर केस दर्ज करा चुकी है। फिलहाल, लसूडिया पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। लगातार सामने आ रहे वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और पुराने मामलों के चलते यह पारिवारिक विवाद अब पूरी तरह कानूनी लड़ाई में तब्दील हो चुका है।
