,

इंदौर पुलिस दबिश में हिस्ट्रीशीटर ने पहली मंजिल से लगाई छलांग, पैर टूटा; दूसरे बदमाश पर जिलाबदर की कार्रवाई

Author Picture
Published On: 13 February 2026

इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में गुरुवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश पुलिस की दबिश के दौरान पहली मंजिल से कूद गया। भागने की कोशिश में उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। पुलिस टीम उसे पकड़ने एक पुराने चोरी के मामले में सहयोग नगर पहुंची थी।

पुलिस के अनुसार सुमित उर्फ घोंचू, पुत्र अशोक, निवासी सहयोग नगर, थाना क्षेत्र का चिन्हित बदमाश है। जैसे ही पुलिस ने उसके घर पर दस्तक दी, वह सीढ़ियों से छत पर जाकर छिप गया। पुलिस के घेराबंदी करते ही उसने बचने के लिए पहली मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। जमीन पर गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इंदौर एमवाय अस्पताल में भर्ती

घटना के बाद पुलिस ने उसे तत्काल इलाज के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की। एरोड्रम थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी पर पहले से मारपीट, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं। उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जिलाबदर का आदेश

इधर शहर में अपराधियों के खिलाफ सख्ती जारी है। खजराना क्षेत्र के शातिर बदमाश शाहरुख उर्फ गोलू, पुत्र जब्बार, निवासी अशरफी नगर के विरुद्ध पुलिस आयुक्त ने राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 के तहत छह माह के लिए जिलाबदर का आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक उसे इंदौर और उससे लगे सीमावर्ती जिलों की सीमा में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

गुरुवार को पुलिस ने उसके घर और आसपास के क्षेत्र में लाउडस्पीकर के माध्यम से जिलाबदर आदेश का वाचन कराया। पुलिस का कहना है कि यह कदम अपराधियों में कानून का भय बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp