इंदौर में शुक्रवार तड़के इनकम टैक्स विभाग ने सड़क निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की प्रमुख कंपनी बीआर गोयल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के ठिकानों पर सर्वे की कार्रवाई शुरू की। विभाग की टीमें अलसुबह कंपनी के सपना–संगीता रोड स्थित कार्यालय और कंपनी के डायरेक्टर के निवास पर पहुंचीं। अचानक हुई इस कार्रवाई से कंपनी और आसपास के क्षेत्र में हलचल मच गई।
इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों द्वारा कंपनी से जुड़े वित्तीय दस्तावेजों, खातों और डिजिटल डेटा की गहन जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड, आय-व्यय का ब्योरा और टैक्स से संबंधित फाइलों को विशेष रूप से खंगाला जा रहा है। सर्वे के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
इंदौर इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की बड़ी कंपनी
बीआर गोयल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड इंदौर की जानी-मानी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों में गिनी जाती है। कंपनी की स्थापना वर्ष 1986 में हुई थी। शुरुआत में यह एक निजी उद्यम के रूप में काम कर रही थी, जिसे 2005 में प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का दर्जा मिला। बाद में इसका विस्तार हुआ और यह पब्लिक लिमिटेड कंपनी बन गई।
कई क्षेत्रों में फैला है कारोबार
कंपनी का कामकाज केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है। बीआर गोयल इंफ्रास्ट्रक्चर सड़क, राजमार्ग, पुल और भवन निर्माण के साथ-साथ रेडी मिक्स कंक्रीट (RMC) की आपूर्ति भी करती है। इसके अलावा कंपनी टोल कलेक्शन से जुड़े प्रोजेक्ट्स और इंदौर में बीआरजी हिल व्यू जैसे आवासीय प्रोजेक्ट्स का संचालन भी करती है। देश के अलग-अलग हिस्सों में कंपनी की कई इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएं चल रही हैं।
शुरू हुआ सर्वे
इनकम टैक्स विभाग को कंपनी के बड़े पैमाने पर वित्तीय लेन-देन और टैक्स से जुड़ी संभावित गड़बड़ियों की सूचनाएं मिली थीं। इन्हीं इनपुट्स के आधार पर विभाग ने सर्वे की कार्रवाई शुरू की है। हालांकि, अभी तक विभाग की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
कार्रवाई अभी जारी
फिलहाल कंपनी के दोनों ठिकानों पर इनकम टैक्स की टीम मौजूद है और जांच प्रक्रिया जारी है। विभागीय अधिकारी सभी पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
