,

भारतीय रेलवे का फैसला इंदौर-नागपुर वंदे भारत में लगेंगे अतिरिक्त कोच; 1150 से ज्यादा होंगी सीटें

Author Picture
Published On: 29 August 2025

इंदौर | मध्य प्रदेश के इंदौर से नागपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को लेकर यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। रेलवे बोर्ड की कमेटी ने इस ट्रेन में कोच बढ़ाने का निर्णय लिया है। लगातार बढ़ती यात्री संख्या और सीटों की कमी के चलते अब इसे 8 कोच से बढ़ाकर 16 कोच की ट्रेन बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद, कुल सीटों की संख्या लगभग दोगुनी होकर 1150 से अधिक हो जाएगी।

क्यों बढ़ाने पड़े कोच?

रेलवे बोर्ड ने हाल ही में देशभर की वंदे भारत ट्रेनों की ऑक्यूपेंसी और यात्री मांग का आकलन किया था। इस रिपोर्ट में इंदौर-नागपुर रूट पर यात्रियों की भारी भीड़ और टिकट की कमी सामने आई। रतलाम मंडल ने भी बताया कि यात्रा करने वालों की संख्या क्षमता से काफी ज्यादा है, जिससे यात्री परेशान हो रहे हैं। इसी वजह से अतिरिक्त कोच जोड़ने का फैसला लिया गया।

वर्तमान में इस ट्रेन में कुल 530 सीटें हैं। इसमें एक्जीक्यूटिव क्लास (बी-1) में 52 सीटें और बाकी चेयरकार कोच में 478 सीटें हैं। चेयरकार में सी-1 और सी-7 कोच में 88 सीटें तथा सी-2 से सी-6 तक के पांच कोच में 390 सीटें हैं। बढ़े हुए कोचों के बाद यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और वेटिंग टिकट की समस्या भी काफी हद तक खत्म हो जाएगी।

अब तक का सफर

इंदौर-भोपाल वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत 27 जून 2023 को हुई थी। यह ट्रेन इंदौर से भोपाल तक सिर्फ उज्जैन में पांच मिनट के लिए रुकती है। शुरुआत के दिनों में स्थिति बिल्कुल उलटी थी। पहले महीने में ट्रेन में केवल 25 फीसदी यात्री ही सफर करते थे और 75 फीसदी सीटें खाली रहती थीं। इस वजह से रेलवे को इसका रिव्यू करना पड़ा।

28 जून से नियमित संचालन शुरू होने के बाद धीरे-धीरे यात्रियों की संख्या बढ़ी और आज स्थिति यह है कि ट्रेन पूरी क्षमता के साथ दौड़ रही है। भारी मांग को देखते हुए ही रेलवे को कोच विस्तार का निर्णय लेना पड़ा।

नागपुर तक बढ़ाया गया रूट

इंदौर-भोपाल वंदे भारत को नागपुर तक बढ़ाने का निर्णय भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के आग्रह पर लिया गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके बाद, यह ट्रेन इंदौर से नागपुर के बीच दौड़ने लगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp