विंध्य क्षेत्र के लिए हवाई कनेक्टिविटी के लिहाज से एक बड़ी राहत की खबर है। IndiGo एयरलाइंस 22 दिसंबर से रीवा से इंदौर के बीच अपनी नियमित उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। इस सेवा के शुरू होने से न सिर्फ इंदौर पहुंचना आसान होगा, बल्कि रीवा के यात्रियों के लिए विदेश यात्रा के रास्ते भी खुल जाएंगे। इंडिगो ने रीवा को इंदौर के जरिए इंटरनेशनल नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी पूरी कर ली है। एयरलाइंस ने 12 देशों के प्रमुख शहरों के लिए टिकट बुकिंग शुरू कर दी है। इसका मतलब यह है कि अब रीवा एयरपोर्ट से सफर शुरू कर यात्री इंदौर होते हुए विदेशों तक उड़ान भर सकेंगे।
इंडिगो की ओर से जिन अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए बुकिंग खोली गई है, उनमें थाईलैंड का फुकेट और कराबी, संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी, शारजाह और रास अल खैमाह, ग्रीस का एथेंस, सिंगापुर, वियतनाम का हनोई, इंडोनेशिया का बाली, नीदरलैंड का एम्सटर्डम, इंग्लैंड का मैनचेस्टर और डेनमार्क का कोपेनहेगन शामिल हैं। ये सभी फ्लाइट्स इंदौर से आगे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हब के जरिए कनेक्ट होंगी।
इंदौर बनेगा इंटरनेशनल गेटवे
रीवा से उड़ान भरने वाले यात्रियों को इंदौर एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल फ्लाइट्स से जोड़ा जाएगा। इनमें से अधिकांश उड़ानें मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे बड़े एयरपोर्ट्स के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय सेवाओं से कनेक्ट होंगी। इससे रीवा और आसपास के जिलों के लोगों को महानगरों तक सड़क या रेल से जाने की मजबूरी नहीं रहेगी।
एटीआर 72 विमान से होगी सेवा
रीवा-इंदौर रूट पर इंडिगो का एटीआर 72 विमान उड़ान भरेगा। तय शेड्यूल के मुताबिक, विमान दोपहर 1.15 बजे रीवा एयरपोर्ट पहुंचेगा और 1.35 बजे इंदौर के लिए रवाना होगा। यह समय व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए काफी अनुकूल माना जा रहा है। हवाई सेवा के विस्तार से विंध्य क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और शिक्षा के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि रीवा एयरपोर्ट से नियमित और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी शुरू होने से क्षेत्र का आर्थिक विकास तेज होगा और लोगों को बेहतर यात्रा विकल्प मिलेंगे।
