,

87 साल का रिकॉर्ड टूटा, इंदौर एयरपोर्ट ने छुआ 40 लाख यात्रियों का ऐतिहासिक आंकड़ा

Author Picture
Published On: 24 December 2025

देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के लिए साल 2025 मील का पत्थर साबित हो रहा है। 87 वर्षों के इतिहास में पहली बार इंदौर एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या 40 लाख के पार पहुंच गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी से 30 नवंबर 2025 के बीच कुल 40 लाख 47 हजार 358 यात्रियों ने यहां से उड़ान भरी। इस पूरे 11 महीने के दौरान इंदौर एयरपोर्ट से लगभग 30 हजार फ्लाइट्स संचालित हुईं। औसतन प्रतिदिन 11 हजार से ज्यादा यात्री और करीब 82 उड़ानें इंदौर से देश-विदेश के लिए रवाना हुईं। यह आंकड़ा बताता है कि शहर की हवाई कनेक्टिविटी कितनी तेज़ी से बढ़ी है।

जनवरी से नवंबर तक का सफर अपने आप में ऐतिहासिक रहा, लेकिन नवंबर ने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। अकेले इस महीने में 4 लाख 23 हजार यात्रियों ने उड़ान भरी और 2,973 फ्लाइट्स का संचालन हुआ। यह इंदौर एयरपोर्ट के इतिहास में किसी एक माह का सबसे बड़ा ट्रैफिक माना जा रहा है।

उड़ानों की रुकावट

इतने शानदार आंकड़ों के बीच दिसंबर की शुरुआत में एयरपोर्ट ने एक अलग ही तस्वीर भी देखी। 3 से 23 दिसंबर के बीच 250 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। सबसे ज्यादा असर दिल्ली और मुंबई रूट पर पड़ा, जहां रोजाना 6 से 8 फ्लाइट्स निरस्त होती रहीं। नवंबर में जहां उड़ानों की संख्या ज्यादा थी, वहीं दिसंबर के पहले पखवाड़े में यह घटकर औसतन 79 उड़ानें प्रतिदिन रह गई। फिलहाल, इंदौर एयरपोर्ट पर रनवे मरम्मत का काम चल रहा है। इसी वजह से रात 10:30 बजे से सुबह 6:30 बजे तक एयरपोर्ट बंद रहता है। इससे नाइट फ्लाइट्स का संचालन पूरी तरह ठप है। हालांकि, उम्मीद जताई जा रही है कि फरवरी से एयरपोर्ट दोबारा रात में भी चालू हो जाएगा, जिससे उड़ानों की संख्या और बढ़ेगी।

सितंबर में दिखी गिरावट

साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो सितंबर ऐसा महीना रहा, जब यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। इस महीने 2,393 उड़ानों के जरिए 3 लाख 35 हजार 933 यात्रियों ने सफर किया। अगस्त की तुलना में 107 उड़ानें और करीब 25 हजार यात्री कम रहे, यानी यात्रियों में करीब 7 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई। इससे पहले साल 2023 में इंदौर एयरपोर्ट ने 35 लाख 39 हजार यात्रियों का आंकड़ा छुआ था, जो तब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड था। वहीं 2019 में 30 लाख 24 हजार यात्रियों ने यहां से यात्रा की थी। अब 2025 ने दोनों आंकड़ों को काफी पीछे छोड़ दिया है।

माह यात्री उड़ान
जनवरी 3,77,207 2,861
फरवरी 3,62,458 2,637
मार्च 3,69,372 2,872
अप्रेल 3,63,107 2,763
मई 3,65,768 2,890
जून 3,67,664 2,712
जुलाई 3,58,809 2,711
अगस्त 3,61,030 2,500
सितंबर 3,35,933 2,393
अक्टूबर 3,63,000 2,645
नवम्बर 4,23,010 2,973
टोटल 40,47,358 29,957

20 से ज्यादा शहरों से सीधी उड़ान

आज इंदौर से देश और विदेश के 20 से अधिक शहरों के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता से लेकर शारजाह तक की कनेक्टिविटी ने इंदौर को बड़ा एविएशन हब बना दिया है। ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अनुसार, रनवे कार्य के कारण एयरपोर्ट अब 24 की बजाय केवल 18 घंटे ही सक्रिय है। इसके बावजूद यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा होना इंदौर के पर्यटन, व्यापार और एविएशन सेक्टर के लिए मजबूत संकेत माना जा रहा है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp