,

इंदौर एयरपोर्ट को समर शेड्यूल में झटका: नासिक-उदयपुर फ्लाइट बंद, जलगांव-हैदराबाद के लिए नई सेवा शुरू होगी

Author Picture
Published On: 12 February 2026

देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों को इस बार समर शेड्यूल में राहत कम और झटका ज्यादा मिल रहा है। अप्रैल से नासिक और उदयपुर के लिए संचालित हो रही सीधी उड़ानें बंद होने जा रही हैं। एयरलाइंस की बुकिंग वेबसाइट्स पर 27-28 मार्च के बाद इन दोनों शहरों के लिए कोई सीधी फ्लाइट उपलब्ध नहीं दिखाई दे रही है।

29 मार्च से लागू होने वाले प्रस्तावित समर शेड्यूल में भी नासिक और उदयपुर का उल्लेख नहीं है। फिलहाल नासिक के लिए सप्ताह में तीन दिन और उदयपुर के लिए चार दिन उड़ानें संचालित हो रही हैं, लेकिन मार्च के अंतिम सप्ताह के बाद इन रूट्स पर बुकिंग बंद हो चुकी है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि गर्मी के सीजन में ये सेवाएं स्थगित रहेंगी।

इंदौर एयरपोर्ट

ट्रेवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया के मुताबिक, हर साल गर्मी के मौसम में जोधपुर और उदयपुर जैसे पर्यटन स्थलों की मांग कम हो जाती है। इसी वजह से एयरलाइंस समर सीजन में इन रूट्स पर उड़ानें कम या बंद कर देती हैं और सर्दियों में दोबारा शुरू करती हैं। यात्रियों को अब इन शहरों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स का सहारा लेना पड़ सकता है।

पिछले कुछ वर्षों में इंदौर से शुरू हुई कई सीधी उड़ानें बंद हो चुकी हैं। वाराणसी, प्रयागराज, शिर्डी, जोधपुर और राजकोट जैसे शहरों के लिए शुरू की गई सेवाएं टिक नहीं पाईं। आरसीएस योजना के तहत शुरू हुई बेलागावी और किशनगढ़ की फ्लाइट्स भी बंद हो गईं। गाजियाबाद रूट पर भी फिलहाल संचालन नहीं हो रहा है।

24 घंटे संचालन से उम्मीदें

विशेषज्ञों का मानना है कि अप्रैल से एयरपोर्ट के 24 घंटे संचालन शुरू होने पर स्थिति में सुधार आ सकता है। अभी रनवे रात 10:30 बजे से सुबह 6:30 बजे तक बंद रहता है, जिससे स्लॉट सीमित रहते हैं। रनवे पूरी तरह चालू होने पर नई उड़ानों और नए रूट्स की संभावना बढ़ेगी।

इसी बीच फ्लाई 91 एयरलाइंस इंदौर से जलगांव और हैदराबाद के लिए नई उड़ानें शुरू करने जा रही है। कंपनी के अधिकारी इस सिलसिले में इंदौर पहुंच रहे हैं। एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार के अनुसार, यह सेवा केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत शुरू की जाएगी।

जलगांव से सीधा हवाई संपर्क

नई सेवा के साथ इंदौर पहली बार जलगांव से हवाई मार्ग से जुड़ेगा। इस रूट की लंबे समय से मांग थी। वहीं हैदराबाद के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलने से यात्रियों को सुविधा होगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp