,

IndiGo की उड़ानें रद्द होने से इंदौर एयरपोर्ट को भारी झटका, 5 दिन में 2 करोड़ से ज्यादा का नुकसान

Author Picture
Published On: 19 December 2025

IndiGo एयरलाइंस की लगातार उड़ानें रद्द होने का असर अब सिर्फ यात्रियों तक सीमित नहीं रहा। इसका सीधा असर इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट की कमाई पर भी पड़ा है। बीते पांच दिनों में एयरपोर्ट अथॉरिटी को दो करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। उड़ानें निरस्त होने से एयरपोर्ट की रोजमर्रा की आय लगभग ठप जैसी स्थिति में पहुंच गई। जानकारी के अनुसार, इंदौर एयरपोर्ट से रोजाना औसतन 12 से 14 हजार यात्री आवाजाही करते हैं। इनमें करीब आधे यात्री बाहर जाने वाले और आधे आने वाले होते हैं।

इंदौर से संचालित उड़ानों में इंडिगो का नेटवर्क सबसे बड़ा है और यहां की आधे से ज्यादा फ्लाइट्स इसी एयरलाइन की हैं। ऐसे में जब इंडिगो की उड़ानें रद्द हुईं, तो पूरे एयरपोर्ट सिस्टम पर इसका असर साफ नजर आया।

भारी गिरावट

4 से 8 दिसंबर के बीच इंडिगो की कई उड़ानें प्रभावित रहीं। इस दौरान एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में 40 से 45 प्रतिशत तक घट गई। 5 दिसंबर को हालात सबसे ज्यादा खराब रहे, जब 5 से 6 हजार यात्रियों को बिना उड़ान भरे ही एयरपोर्ट से लौटना पड़ा। कई यात्री घंटों इंतजार के बाद निराश होकर वापस गए।

एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले हर यात्री से यूजर डेवलपमेंट फीस, रीजनल कनेक्टिविटी चार्ज और एविएशन सिक्योरिटी फीस के रूप में औसतन 700 रुपए से अधिक शुल्क लिया जाता है। उड़ानें रद्द होने से रोजाना करीब 5 से 6 हजार यात्रियों से यह शुल्क नहीं मिल पाया। नतीजतन, एयरपोर्ट अथॉरिटी को प्रतिदिन लगभग 35 से 40 लाख रुपए की सीधी चपत लगी। सूत्रों के मुताबिक, पांच दिनों में कुल नुकसान 1.75 से 2 करोड़ रुपए या उससे भी अधिक हो सकता है।

टैक्सी और पार्किंग पर भी मार

एयरपोर्ट टैक्सी ऑपरेटर संदीप यादव बताते हैं कि उस दौरान हालात बेहद खराब थे। कई यात्रियों को पहले ही फ्लाइट रद्द होने की जानकारी मिल गई, जिससे वे एयरपोर्ट पहुंचे ही नहीं। जो पहुंचे, वे भी अंदर ही फंसे रहे और रिश्तेदारों को बुलाकर लौट गए। इससे टैक्सी चालकों को सवारियां नहीं मिलीं। पार्किंग से होने वाली आय पर भी बड़ा असर पड़ा। इस संकट का असर होटल और पर्यटन कारोबार पर भी पड़ा। ट्रैवल एजेंटों के मुताबिक, बड़ी संख्या में टूर पैकेज और होटल बुकिंग रद्द करनी पड़ीं। कई होटलों ने क्रेडिट नोट जारी किए, लेकिन तय तारीख पर दोबारा बुकिंग न मिलने से नुकसान की भरपाई नहीं हो पाई।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp