इंदौर के सुगनीदेवी कॉलेज परिसर में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवती गंभीर हालत में पड़ी मिली। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया। युवती के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और वह बेहोशी की हालत में थी। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
अस्पताल में शुरुआती मेडिकल जांच के दौरान युवती के हाथों और शरीर पर कई टैटू पाए गए। इसके साथ ही शरीर पर ब्लेड से काटने जैसे पुराने निशान भी मिले, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। डॉक्टरों को शुरुआत में युवती के साथ ज्यादती की आशंका भी हुई, इसी कारण एहतियातन सैंपल लेकर जांच के लिए सुरक्षित किए गए।
इंदौर: कॉलेज परिसर में घायल मिली युवती की मौत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की। जांच में सामने आया कि युवती पर किसी अज्ञात ने नहीं, बल्कि उसके लिव-इन पार्टनर ने हमला किया था। पुलिस ने युवती के दोस्त मुकेश कोरी, निवासी तीन पुलिया, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
टीआई आरडी कानवा ने बताया कि युवती और आरोपी मुकेश कुछ समय से साथ रह रहे थे। दोनों नशे के आदी थे और अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। मुकेश को शक था कि युवती के अन्य युवकों से संबंध हैं। नशे की हालत में गुस्से में आकर उसने खाली मैदान में युवती पर पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर दिए और उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गया।
इटारसी की रहने वाली थी युवती
पुलिस के अनुसार युवती मूल रूप से इटारसी की रहने वाली थी और बीते कुछ वर्षों से इंदौर में रह रही थी। उसके शरीर पर कई टैटू बने हुए थे, जो उसकी पहचान का आधार बने। शुरुआत में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, लेकिन युवती की मौत के बाद अब धाराएं बढ़ाकर हत्या का केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
शराब पीने के बाद हुआ विवाद
आरोपी मुकेश ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले दोनों ने परदेशीपुरा इलाके से अवैध शराब खरीदी थी। शुक्रवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे शराब पीने के बाद वे एक ग्राउंड में बैठे थे। इसी दौरान पुराने शक और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सुबह करीब साढ़े छह बजे स्थानीय लोगों ने युवती को गंभीर हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई
फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
