, ,

इंदौर-रीवा सीधी उड़ान शुरू, विंध्य को मिला हवाई कनेक्टिविटी का तोहफा

Author Picture
Published On: 22 December 2025

विंध्य क्षेत्र के लिए आज का दिन लंबे समय तक याद रखा जाएगा। इंदौर और रीवा के बीच सीधी हवाई सेवा की शुरुआत के साथ ही वर्षों पुरानी दूरी अब मिनटों में सिमट गई है। इंडिगो एयरलाइंस की इस नियमित फ्लाइट ने क्षेत्र के लोगों को वह सुविधा दी है, जिसकी मांग लंबे समय से की जा रही थी। पहले ही दिन उड़ान में सभी सीटें भर जाना इस रूट की जरूरत और संभावनाओं को साफ तौर पर दर्शाता है।

अब तक इंदौर से रीवा की यात्रा ट्रेन या बस से करने पर करीब 14 से 15 घंटे लग जाते थे। सड़क और रेल यात्रा की थकान के बीच समय भी काफी बर्बाद होता था। नई हवाई सेवा शुरू होने के बाद यह सफर सिर्फ 1 घंटे 45 मिनट में पूरा हो रहा है। खासतौर पर मरीजों, विद्यार्थियों, कारोबारी वर्ग और नौकरीपेशा लोगों के लिए यह सुविधा बेहद अहम मानी जा रही है।

70 सीटर विमान

इंदौर-रीवा रूट पर इंडिगो का 70 सीटर एटीआर विमान उड़ान भर रहा है। शुरुआती दौर में इसका औसत किराया करीब 4700 रुपए तय किया गया है। यात्रियों का कहना है कि समय की बचत और आराम को देखते हुए यह किराया व्यावहारिक है। उड़ान सेवा से रीवा के साथ-साथ सतना, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, मऊगंज और मैहर जैसे आसपास के जिलों के लोगों को भी सीधा फायदा मिलेगा। अब तक इंदौर से प्रदेश के भीतर केवल जबलपुर के लिए सीधी हवाई सेवा उपलब्ध थी। रीवा के जुड़ने से यह मध्यप्रदेश की दूसरी सीधी प्रादेशिक उड़ान बन गई है। इससे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के बीच हवाई नेटवर्क और मजबूत होगा, साथ ही भविष्य में अन्य रूट शुरू होने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

यह रहेगा उड़ान का समय

इंदौर से रीवा जाने वाली फ्लाइट (6E 7363) सुबह 11:30 बजे रवाना होकर दोपहर 1:15 बजे रीवा पहुंचेगी। वहीं, रीवा से इंदौर आने वाली फ्लाइट (6E 7364) दोपहर 1:35 बजे उड़ान भरकर शाम 3:25 बजे इंदौर पहुंचेगी। समय सारिणी को इस तरह रखा गया है कि आगे की कनेक्टिविटी में भी यात्रियों को सहूलियत मिल सके।

विकास को मिलेगी नई रफ्तार

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने इस मौके पर कहा कि इंदौर-रीवा सीधी फ्लाइट विंध्य क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर संभाग को बेहतर हवाई सुविधाओं से जोड़ा जाए। ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत सिंह जादौन के अनुसार इस उड़ान की मांग काफी समय से की जा रही थी। बड़ी संख्या में विंध्य क्षेत्र के लोग इंदौर में निवास करते हैं। सीधी उड़ान शुरू होने से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और निवेश गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp