, ,

Flight News: इंदौर-रीवा के बीच 22 दिसंबर से उड़ान शुरू, विंध्य के हजारों लोगों को मिलेगी ये सुविधा

Author Picture
Published On: 12 December 2025

इंदौर से रीवा के बीच पहली सीधी फ्लाइट (Flight) 22 दिसंबर 2025 से शुरू होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस इस रूट पर उड़ान भरेगी और बुकिंग की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। विमान सुबह 11:30 बजे इंदौर से रवाना होगा और करीब 1 घंटे 45 मिनट में दोपहर 1:15 बजे रीवा पहुंच जाएगा। हालांकि इंडिगो में इन दिनों चल रहे परिचालन संकट को देखते हुए एविएशन विशेषज्ञों की नजर इस बात पर है कि उड़ान समय पर चल पाती है या नहीं।

इंदौर दौरे पर आए उप मुख्यमंत्री डॉ. शुक्ल ने नई उड़ान सेवा को लेकर कहा कि यह विंध्य क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए बड़ी सौगात है। इंदौर में आज करीब एक लाख लोग विंध्य क्षेत्र से आकर बसे हैं, जिनके लिए चिकित्सा, शिक्षा, व्यापार और रोजगार की दृष्टि से यह सीधी कनेक्टिविटी काफी उपयोगी सिद्ध होगी।

अर्थव्यवस्था होगी मजबूत

उन्होंने बताया कि रीवा-दिल्ली फ्लाइट को हाल ही में शुरू किया गया था, जिसे यात्रियों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। इंदौर से रीवा की उड़ान शुरू होने के बाद न सिर्फ दोनों शहरों के बीच सफर तेज होगा, बल्कि रीवा से इंदौर होकर मुंबई, दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद और बैंगलोर जैसे बड़े शहरों तक कनेक्टिविटी भी आसान हो जाएगी। डॉ. शुक्ल ने कहा कि रीवा और आसपास के जिलों सतना, सीधी, शहडोल और मऊगंज में सड़क, रेल और अब हवाई संपर्क तीनों मजबूत हो रहे हैं। अधिकांश रोड फोरलेन और सिक्सलेन हो चुके हैं, कई अभयारण्य, बांध और प्राकृतिक स्थलों के विकसित होने से पर्यटन भी बढ़ा है। नए एयर कनेक्शन से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को फायदा मिलेगा।

3 फेयर कैटेगरी

  • सेवर फेयर: 5,203 रुपए
  • फ्लेक्सी प्लस फेयर: 5,518 रुपए
  • सुपर 6E फेयर: 6,778 रुपए

देखें शेड्यूल

रूट फ्लाइट नंबर प्रस्थान समय आगमन समय
इंदौर → रीवा 6E7363 सुबह 11:30 बजे दोपहर 1:15 बजे
रीवा → इंदौर 6E7363 दोपहर 1:35 बजे दोपहर 3:25 बजे

नई उड़ान सेवा के साथ इंदौर और रीवा के बीच यात्रा समय कई घंटों से घटकर सिर्फ दो घंटे के भीतर सिमट जाएगा। प्रशासन, यात्रियों और उद्योग जगत को उम्मीद है कि यह कनेक्टिविटी दोनों क्षेत्रों के बीच व्यापार और पर्यटन को नई दिशा देगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp