31 दिसंबर की रात को लेकर इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने इस बार चेतावनी देने का तरीका ही बदल दिया है। आम अपील या औपचारिक निर्देशों की जगह पुलिस ने एक ऐसा पोस्टर जारी किया है, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। पोस्टर में लिखा संदेश सीधे दिल और दिमाग पर असर करता है। न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंदौर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। जहां एक ओर थाना स्तर पर पुलिस बल तैनात रहेगा, वहीं ट्रैफिक पुलिस के जवान शहर के हर प्रमुख चौराहे, सड़क और शहर से बाहर जाने वाले रास्तों पर चेकिंग पाइंट लगाएंगे। बिना किसी ढील के जांच की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस की सख्ती सिर्फ शहर की सीमाओं तक सीमित नहीं रहेगी। हाईवे, आउटर एरिया और पार्टी स्पॉट्स की ओर जाने वाले रास्तों पर भी विशेष चेकिंग की जाएगी। पुलिस का फोकस खासतौर पर उन लोगों पर रहेगा, जो नशे की हालत में वाहन चलाकर खुद और दूसरों की जान खतरे में डालते हैं।
सबसे बड़ी चिंता
31 दिसंबर को होटल, बार और पब में देर रात तक जश्न चलता है। ऐसे में शराब पीकर गाड़ी चलाने की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि हर साल इसी वजह से हादसे होते हैं। इस बार किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नशे में पकड़े गए वाहन चालकों की गाड़ियां जब्त की जाएंगी। न्यू ईयर नाइट को लेकर ट्रैफिक और पुलिस विभाग ने संयुक्त रणनीति बनाई है। जानकारी के अनुसार 31 दिसंबर को 500 से अधिक पुलिसकर्मी सड़कों पर ड्यूटी निभाएंगे। इनमें ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय थाना बल और विशेष टीम शामिल रहेंगी, जो पूरी रात निगरानी करेंगी।
पोस्टर ने बदला चेतावनी का अंदाज
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी किया गया पोस्टर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पोस्टर में साफ शब्दों में लिखा है कि तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और नशे में ड्राइविंग करने वाले लोग वाहन से आएंगे, लेकिन वापस पैदल जाएंगे। साथ ही नजदीकी पुलिस स्टेशन को उनका ठिकाना बताया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नए साल का स्वागत जिम्मेदारी के साथ करें। खुद की सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की जान का भी ख्याल रखें, क्योंकि इस बार चेतावनी सिर्फ शब्दों में नहीं, कार्रवाई में भी नजर आएगी।
