,

इंदौर: फैक्ट्री लौटते वक्त मजदूर की हत्या, लूट की आशंका

Author Picture
Published On: 10 August 2025

इंदौर | मध्य प्रदेश के इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र के नावदा पंथ इलाके में शनिवार रात एक दर्दनाक वारदात सामने आई। नमकीन फैक्ट्री में काम करने वाले 35 वर्षीय मजदूर की अज्ञात व्यक्ति ने बेरहमी से हत्या कर दी। घटना फैक्ट्री से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, जहां खुले मैदान में उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला। शुरुआती जांच में पुलिस को मौके से एक अजनबी की चप्पलें भी मिली हैं, जिससे लूटपाट की संभावना और गहरी हो गई है।

राखी के बाद वापसी में मौत

मृतक की पहचान अर्जुन यादव पुत्र रामलाल यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से खंडवा जिले के पुनासा तहसील के ग्राम पिपलाई का रहने वाला था। करीब तीन साल से वह नावदा पंथ स्थित एक नमकीन फैक्ट्री में मजदूरी कर रहा था और वहीं रहता था। शनिवार को वह अपने बड़े भाई लालू यादव के घर, बाणगंगा, राखी बंधवाने गया था।

शाम करीब 7:30 बजे अर्जुन ने फैक्ट्री लौटते समय अपने साथी कर्मचारी बल्लू को फोन कर छोटा गेट खोलने के लिए कहा। उसने बताया कि वह पास ही है। लेकिन उसके बाद वह फैक्ट्री के अंदर नहीं पहुंचा।

सुबह हुआ खौफनाक खुलासा

बल्लू को लगा कि अर्जुन फैक्ट्री में पहुंचकर स्टाफ रूम में सो गया होगा। अगले दिन सुबह जब अर्जुन नजर नहीं आया तो उसने सोचा कि वह मंदिर गया होगा। कुछ देर बाद जब वह फैक्ट्री से बाहर निकला तो थोड़ी ही दूरी पर उसे खून से सना अर्जुन का शव पड़ा मिला। यह देखकर बल्लू के होश उड़ गए और उसने तुरंत फैक्ट्री मालिक को सूचना दी। मालिक ने पुलिस को खबर दी, जिसके बाद चंदन नगर थाने की टीम मौके पर पहुंची।

धारदार हथियार से हमला

पुलिस जांच में सामने आया कि अर्जुन के सिर पर किसी भारी वस्तु या धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। हत्या स्थल से थोड़ी दूरी पर एक अन्य व्यक्ति की चप्पलें भी बरामद हुईं। अर्जुन का मोबाइल फोन गायब है। इन तथ्यों से यह संदेह गहरा गया है कि हमलावर लूट के इरादे से आया था और विरोध करने पर हत्या कर दी।

पुलिस कर रही जांच

चंदन नगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, लूट, पुरानी रंजिश और व्यक्तिगत विवाद तीनों पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपी तक पहुंचा जा सके।

इलाके में दहशत

घटना के बाद नावदा पंथ क्षेत्र के मजदूर और स्थानीय लोग दहशत में हैं। रात के समय फैक्ट्री से आने-जाने वाले कर्मचारियों में भय का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि आरोपी को जल्द पकड़ा जा सके।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp