,

इंदौर में करणी सेना पदाधिकारी को जान से मारने की धमकी, मोबाइल कॉल रिकॉर्डिंग बनी अहम सबूत

Author Picture
Published On: 22 February 2026

इंदौर के हीरानगर क्षेत्र में करणी सेना के प्रदेश संगठन मंत्री मानसिंह राजावत को मोबाइल कॉल पर जान से मारने की धमकी दी गई है। घटना 20 फरवरी की रात की बताई जा रही है। मामले में शनिवार को हीरानगर थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मारुति नगर निवासी मानसिंह राजावत को एक मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने पहले उनका नाम पूछा, फिर अपशब्द कहे और बच्चों की हत्या करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, खजराना क्षेत्र में आने पर जान से मारने की चेतावनी भी दी गई। धमकी की भाषा और लहजे को गंभीर मानते हुए पुलिस ने इसे संवेदनशील मामला माना है।

इंदौर में करणी सेना

मानसिंह राजावत ने पूरी बातचीत अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली थी। उन्होंने यह ऑडियो रिकॉर्डिंग संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भेजी और इसके आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रिकॉर्डिंग को जब्त कर तकनीकी जांच के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि कॉल करने वाले की पहचान सुनिश्चित करने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।

मंदसौर निवासी के नाम पर दर्ज मिला नंबर

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस नंबर से कॉल किया गया, वह मंदसौर निवासी मरहूफ कादरी मंसूरी के नाम पर दर्ज है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सिम कार्ड वास्तविक उपयोगकर्ता के पास था या किसी और ने उसका दुरुपयोग किया। संभावित ठिकानों पर दबिश की तैयारी भी की जा रही है। अधिकारियों ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

मानसिंह राजावत पिछले करीब 15 वर्षों से संगठन से जुड़े हैं। उनके अनुसार उन्हें पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। एक बार उनके घर पर अज्ञात बदमाशों ने हमला भी किया था। हाल ही में उन्होंने लसूड़िया क्षेत्र में एक ड्रग पेडलर के खिलाफ कार्रवाई करवाई थी और तिलक नगर में छेड़छाड़ से जुड़े मामले में भी पुलिस को सक्रिय कराया था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हाल की कार्रवाइयों से जुड़े किसी व्यक्ति ने तो धमकी नहीं दी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp