MP महिला कांग्रेस 3 दिसंबर को एक ऐतिहासिक पल की साक्षी बनने जा रही है। पहली बार इंदौर से भोपाल तक भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी, जिसका नेतृत्व महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा करेंगी। रैली के साथ ही नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया भोपाल में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगी।
इंदौर से निकलेगी रैली
महिला कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष के रूप में इंदौर की रीना बौरासी सेतिया की नियुक्ति को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उन्हें पदभार ग्रहण कराने के लिए अलका लांबा 2 दिसंबर को इंदौर पहुंचेंगी। इसके बाद 3 दिसंबर की सुबह 8:30 बजे इंदौर से यह विशेष वाहन रैली शुरुआत होगी।
भोपाल पहुंचने का कार्यक्रम
रैली का मार्ग बेहद विस्तृत रखा गया है, ताकि रास्ते में आने वाले जिलों और कस्बों में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा बन सकें। रैली अरविंदो अस्पताल से निकलकर सांवेर, बड़ोदिया खान, तपोभूमि, देवास, सोनकच्छ, मेघवाड़ा, जावर, आष्टा और सीहोर होते हुए दोपहर 1 बजे भोपाल पहुंचेगी। आयोजन को लेकर महिला कांग्रेस ने सभी जिलों में समन्वय कर तैयारियां तेज कर दी हैं।
बड़े नेताओं की मौजूदगी
भोपाल पहुंचने पर रीना बौरासी सेतिया के कार्यभार ग्रहण समारोह को लेकर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी इसे और महत्वपूर्ण बनाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई दिग्गज नेता समारोह को संबोधित करेंगे।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद रीना बौरासी सेतिया अपनी पहली आधिकारिक बैठक की अध्यक्षता भी करेंगी। इस बैठक में आगामी महीनों की रणनीति, महिला सुरक्षा, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक महिला कांग्रेस की सक्रियता बढ़ाने पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।
इंदौर में शुरू हुई तैयारियां
इंदौर में रैली और समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता टीमें मार्ग तय करने से लेकर कार्यक्रम स्थल की तैयारियों तक जुटी हुई हैं। पार्टी का मानना है कि यह रैली न केवल संगठन की शक्ति का संदेश देगी, बल्कि प्रदेश में महिला नेतृत्व को मजबूत करने के संकल्प को भी रेखांकित करेगी।
यह आयोजन मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस के लिए एक नई शुरुआत माना जा रहा है, जहां संगठन नई ऊर्जा, नए नेतृत्व और नए उत्साह के साथ राजनीतिक मंच पर अपनी भूमिका को और मजबूत करने की तैयारी कर रहा है।
