इंदौर | मध्य प्रदेश के इंदौर की सड़कों पर शनिवार रात जश्न की तैयारी मातम में बदल गई। एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवती की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसा तेजाजी नगर क्षेत्र के तिल्लोर के पास हुआ, जब आस्था सिंह सेंगर नाम की युवती अपने दोस्त के साथ बाइक से ढाबे पर पार्टी मनाने जा रही थी।
आईटी कंपनी से जुड़ी
यूपी के अकबरपुर (कानपुर के पास) की रहने वाली आस्था चार महीने पहले ही इंदौर शिफ्ट हुई थी। बीटेक की पढ़ाई पूरी कर वह पहली नौकरी में इंदौर की एक आईटी कंपनी से जुड़ी थी। केसरबाग रोड पर किराए से रह रही आस्था शनिवार रात अपने कुछ दोस्तों के साथ ढाबे पर पार्टी के लिए निकली थी। वह जितेंद्र नाम के दोस्त के साथ एक बाइक पर थी, जब तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद दोनों सड़क किनारे जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर आस्था को जूपिटर अस्पताल रेफर किया गया। जहां रविवार सुबह करीब 5:30 बजे उसने दम तोड़ दिया। दोस्त जितेंद्र की हालत अभी भी बेहद नाजुक बताई जा रही है।
परिवार में शोक की लहर
परिवार वालों को जैसे ही इस हादसे की खबर मिली, उनके होश उड़ गए। आस्था के चचेरे भाई कुलदीप ने बताया कि उसके पिता किसान हैं और आस्था परिवार की सबसे बड़ी संतान थी। उसके जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कुलदीप ने साथ ही आरोप लगाया कि हादसे में जितेंद्र की लापरवाही भी एक कारण हो सकती है।
इंदौर में दो और सड़क हादसे
- इसी रात इंदौर में दो अन्य कार दुर्घटनाएं भी हुईं। पहला, तेजाजी नगर में ही एक कार (MP09 ZM 0482) अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि आगे बैठे युवकों को एयरबैग खुलने से ज्यादा चोटें नहीं आईं।
- दूसरी घटना लसूड़िया क्षेत्र में हुई, जहां स्कीम 136 के पास एक अंधे मोड़ पर कार (MP13 ZL 1111) फुटपाथ तोड़कर गड्ढे में पलट गई। चालक को चोटें तो नहीं आईं, लेकिन कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
- तीनों हादसों ने एक ही रात में इंदौर को दहला दिया है। पुलिस जांच में जुटी है, खासतौर पर आस्था सिंह की मौत के जिम्मेदार ट्रक और उसके ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
