इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टार एयर और इंडिगो की कई उड़ानें अचानक रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार और अफरातफरी झेलनी पड़ी। कई लोग तो रातभर एयरपोर्ट पर बैठे रहे, क्योंकि आखिरी वक्त पर फ्लाइट कैंसिल होने से दूसरे विकल्प भी नहीं बचे थे।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक स्टार एयर की बेंगलुरु और गोंदिया के बीच चलने वाली सभी उड़ानें अचानक निरस्त कर दी गईं। आमतौर पर यह विमान दोपहर 2:30 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर शाम 4:30 बजे इंदौर पहुंचता है। फिर इंदौर से गोंदिया होकर रात 7:45 बजे दोबारा बेंगलुरु लौटता है। लेकिन कल कंपनी ने इन सभी फ्लाइट्स को “ऑपरेशनल कारणों” का हवाला देकर कैंसिल कर दिया।
तकनीकी खराबी बनी वजह
अंदर की जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु में विमान की तकनीकी खराबी के कारण स्टार एयर को सभी उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। कई यात्रियों ने बताया कि एयरलाइन की तरफ से न तो पहले से सूचना दी गई और न ही कोई ठोस व्यवस्था की गई। लोग टिकट काउंटर और हेल्प डेस्क के चक्कर लगाते रहे।
इंडिगो की जयपुर फ्लाइट भी रद्द
इसी तरह इंडिगो एयरलाइंस की जयपुर से इंदौर आने और वापस जाने वाली फ्लाइट भी नहीं उड़ सकी। यह फ्लाइट रात 10:20 बजे जयपुर से इंदौर आती है और सुबह 6:35 बजे जयपुर लौटती है। लेकिन शुक्रवार को देहरादून में खराब मौसम के चलते यह विमान देर से जयपुर पहुंचा। उधर, इंदौर एयरपोर्ट का संचालन रात 10:30 बजे के बाद बंद हो जाता है। इसलिए कंपनी ने देर रात की फ्लाइट को रद्द करने का फैसला लिया, जिससे सुबह की वापसी उड़ान भी कैंसिल करनी पड़ी।
रिफंड या रीबुकिंग का मिला विकल्प
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक दोनों एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों को रिफंड या रीबुकिंग की सुविधा दी है। हालांकि यात्रियों का कहना है कि अचानक रद्दीकरण की वजह से उन्हें भारी असुविधा हुई। कई लोग तो अगले दिन की फ्लाइट में समायोजित किए गए, जबकि कुछ को बेंगलुरु और जयपुर जाने के लिए सड़क या ट्रेन का सहारा लेना पड़ा।
यात्रियों में नाराजगी
कई यात्रियों ने एयरलाइंस पर समन्वय की कमी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि फ्लाइट रद्द करने की सूचना पहले दी जाती तो लोग वैकल्पिक व्यवस्था कर सकते थे। अचानक फैसले से कई यात्रियों के जरूरी काम और कनेक्टिंग फ्लाइट्स छूट गईं।
