,

इंदौर से मुंबई सफर वालों को राहत, तेजस सुपरफास्ट स्पेशल का संचालन 30 जनवरी तक बढ़ा; बुकिंग में आई तेजी

Author Picture
Published On: 2 January 2026

इंदौर से संचालित मध्यप्रदेश की पहली तेजस सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन को लेकर यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। लगातार मिल रही मांग और बेहतर यात्रा सुविधा को देखते हुए रेलवे ने इस ट्रेन के संचालन को आगे बढ़ा दिया है। अब यह ट्रेन 30 जनवरी तक चलाई जाएगी। इससे इंदौर और मुंबई के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प और राहत मिलेगी।रेलवे सूत्रों के मुताबिक, ट्रेन के रूट, ठहराव और कोच संरचना में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। यात्री उसी समय-सारिणी और सुविधाओं के साथ यात्रा करेंगे, जैसी अब तक मिल रही थीं। विस्तारित फेरों के लिए टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है, जिससे यात्रियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के अनुसार, मुंबई सेंट्रल से इंदौर के लिए तेजस स्पेशल ट्रेन अब 30 जनवरी तक हर सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। यानी सप्ताह में तीन दिन यह ट्रेन मुंबई सेंट्रल से रवाना होगी और तय समय पर इंदौर पहुंचेगी। इससे उन यात्रियों को खास फायदा होगा, जो नियमित रूप से इस रूट पर सफर करते हैं।

इंदौर से भी बढ़ाया गया संचालन

इंदौर से मुंबई सेंट्रल के लिए तेजस स्पेशल ट्रेन का संचालन भी बढ़ा दिया गया है। यह ट्रेन 31 जनवरी तक प्रति मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को इंदौर से रवाना होगी। यहां भी रूट, दिन, कोच कंपोजिशन और ठहराव पहले जैसे ही रहेंगे। रेलवे ने साफ किया है कि केवल संचालन की अवधि बढ़ाई गई है। तेजस स्पेशल ट्रेन का किराया इसी रूट पर चलने वाली दुरंतो और अवंतिका एक्सप्रेस की तुलना में अधिक है। दुरंतो एक्सप्रेस में जहां सेकेंड सीटिंग 460 रुपए और थर्ड एसी 2205 रुपए है, वहीं अवंतिका एक्सप्रेस में स्लीपर का किराया 465 रुपए और थर्ड एसी 1220 रुपए है। इसके मुकाबले तेजस ट्रेन प्रीमियम श्रेणी में आती है, इसलिए इसका किराया भी अपेक्षाकृत ज्यादा है।

IRCTC को किराया तय करने का अधिकार

तेजस स्पेशल ट्रेन के किराए तय करने का अधिकार आईआरसीटीसी के पास होता है। आवश्यकता और मांग के अनुसार किराए में बदलाव भी किया जा सकता है। बेहतर सुविधाओं, आधुनिक कोच और तेज रफ्तार के चलते कई यात्री अधिक किराया देकर भी तेजस को प्राथमिकता दे रहे हैं। रेलवे को उम्मीद है कि विस्तारित संचालन से यात्रियों की आवाजाही और आसान होगी।

श्रेणी कुल किराया (₹) बेस फेयर (₹) रिजर्वेशन चार्ज (₹) सुपरफास्ट चार्ज (₹) जीएसटी (₹)
एसी 3 टियर 1,805 1,634 40 45 86
एसी 2 टियर 2,430 2,219 50 45 116
एसी फर्स्ट क्लास 3,800 3,484 60 75 181
Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp