इंदौर | मध्य प्रदेश के इंदौर के प्रगति पार्क कॉलोनी में रविवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात हुई। रिटायर्ड जस्टिस रमेश गर्ग के घर में घुसे तीन नकाबपोश बदमाश महज 4 मिनट 10 सेकंड में लाखों रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर समेटकर निकल गए। हैरानी की बात यह रही कि चोरी के दौरान अलमारी का ताला टूटते ही अलार्म बजने लगा, लेकिन वहीं बिस्तर पर सो रहे जस्टिस के बेटे ऋत्विक की आंख तक नहीं खुली।
घटना CCTV में रिकॉर्ड
पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई। फुटेज के मुताबिक, बदमाश सुबह 4:35 बजे लोहे की ग्रिल काटकर बंगले में दाखिल हुए। एक ने अलमारी का ताला तोड़ने की कोशिश शुरू की, दूसरा दरवाजे पर पहरा देता रहा, जबकि तीसरा रॉड लेकर ऋत्विक के पास खड़ा रहा, ताकि नींद खुलने पर हमला कर सके। जब ताला तोड़ने वाले से काम नहीं हुआ, तो हथियार आपस में बदल लिए गए। अंततः 4:38 बजे ताला टूटा और बदमाशों ने बिना किसी जल्दबाजी के कैश व जेवर निकाले। 4:39 बजे तीनों आराम से बाहर निकल गए, अलार्म लगातार बजता रहा।
घटना के वक्त घर के बाहर गार्ड मौजूद था, लेकिन बदमाशों की हरकतों पर रोक नहीं लग सकी। सुबह ऋत्विक की पत्नी उठी तो कमरे में बिखरा सामान और खुली अलमारी देखकर चोरी का पता चला।
तलाश में जुटी
सूचना पर एडिशनल एसपी ग्रामीण रूपेश द्विवेदी, डीएसपी उमाकांत चौधरी, एफएसएल टीम और स्निफर डॉग मौके पर पहुंचे, लेकिन कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लगा। आरोपियों ने दस्ताने पहन रखे थे, जिससे फिंगरप्रिंट तक नहीं मिले। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
