,

इंदौर में दौड़ी ‘रन फॉर यूनिटी’, मंत्री तुलसी सिलावट ने किया माल्यार्पण; भाजपा नेताओं और सैकड़ों युवाओं ने ली भागीदारी

Author Picture
Published On: 31 October 2025

इंदौर में गुरुवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पूरे जोश और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। सुबह-सुबह शहरवासी ‘रन फॉर यूनिटी’ के लिए जुटे, जिसमें बच्चों से लेकर बुज़ुर्गों तक सभी ने कदम से कदम मिलाया। कार्यक्रम की शुरुआत नेहरू स्टेडियम से हुई, जहां प्रदेश के मंत्री तुलसी सिलावट ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। उनके साथ भाजपा विधायक, नगर अध्यक्ष और कई सामाजिक संगठन मौजूद थे। सिलावट ने युवाओं से अपील की कि वे देश की एकता और अखंडता के लिए हमेशा जागरूक रहें और समाज में सकारात्मक सोच फैलाएं।

माल्यार्पण के बाद मंत्री तुलसी सिलावट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “कांग्रेस अब केवल नाम की पार्टी रह गई है, उनके पास बूथ स्तर के कार्यकर्ता तक नहीं बचे हैं।” उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने जिस भारत को एकता के सूत्र में पिरोया, उस भावना को भाजपा आगे बढ़ा रही है।

देशभक्ति की भावना

रन फॉर यूनिटी की शुरुआत नेहरू स्टेडियम से हुई और यह जीपीओ, संयोगितागंज, छावनी चौराहा, अर्जुन प्याऊ, सरदार पटेल प्रतिमा, मधुमिलन चौराहा और छत्रपति शिवाजी प्रतिमा से होते हुए फिर नेहरू स्टेडियम पहुंची। पूरे रास्ते पर देशभक्ति के गीत गूंजते रहे और युवाओं ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि यह दौड़ सिर्फ फिटनेस का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देश की अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति समर्पण का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में देशभक्ति की भावना को और मजबूत बनाते हैं।

सैकड़ों लोगों की भागीदारी

दौड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, एनजीओ, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी और आम लोग शामिल हुए। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा, “देश की एकता और अखंडता के लिए हम सब कुछ करने को तैयार हैं। सरदार पटेल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है।” कार्यक्रम के दौरान लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला। कई स्कूलों के छात्र तिरंगा झंडा लेकर दौड़ते नजर आए। महिलाओं और बुज़ुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अंत में सभी ने एक स्वर में सरदार पटेल को नमन किया और देश की एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp