,

इंदौर में दर्दनाक हादसा, क्रेन की चपेट में आई बुज़ुर्ग महिला; मौके पर ही मौत

Author Picture
Published On: 31 July 2025

इंदौर | मध्य प्रदेश के इंदौर के एयरपोर्ट रोड पर गुरुवार सुबह एक हृदय विदारक हादसे में एक अज्ञात बुज़ुर्ग महिला की जान चली गई। यादव मार्केट के सामने तेज रफ्तार से आ रही एक भारी क्रेन ने पीछे से महिला को टक्कर मार दी, जिससे वह नीचे गिर गईं और क्रेन का अगला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

ऐसे हुआ हादसा

घटना उस वक्त हुई जब महिला पैदल ही सड़क पार कर रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रेन की रफ्तार अधिक थी और चालक बेहद लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और उन्होंने तुरंत क्रेन को रोक लिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई, और किसी ने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस

एरोड्रम थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक महिला के पास कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिले हैं, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने साध्वी जैसे वस्त्र पहन रखे थे, जिससे माना जा रहा है कि वह संभवतः किसी धार्मिक जीवन से जुड़ी हो सकती हैं।

क्रेन जब्त

हादसे को अंजाम देने वाली क्रेन ‘कृष्णा सर्विस’ की थी, जिसका नंबर MP09GJ1080 है। पुलिस ने क्रेन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।

इधर, महिला की पहचान को लेकर आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने स्थानीय आश्रमों, मंदिरों और सामाजिक संस्थाओं से संपर्क किया है, ताकि महिला की शिनाख्त हो सके।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp