, ,

इंदौर में बदल रहा मौसम का मिजाज, दिन में धूप, रात में ठंड; अब आसमान से बरस सकती हैं हल्की फुहारें

Author Picture
Published On: 21 October 2025

इंदौर में मौसम ने करवट ले ली है। दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को दिन का तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। वहीं, रात का तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि औसत से करीब दो डिग्री कम है। सुबह-सुबह हल्की ठंडक महसूस की जा रही है, जबकि दिन में धूप हल्की गर्मी का अहसास करा रही है।

बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल शहर में आसमान साफ है लेकिन अगले दो दिनों में हालात बदल सकते हैं। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव हुआ है, जिसका असर मध्य प्रदेश तक पहुंचेगा। इसी कारण से इंदौर संभाग के कई इलाकों में 24 अक्टूबर तक हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव ठंडी हवाओं की शुरुआत का संकेत है। हल्की फुहारें पड़ने के साथ दिन का तापमान कुछ घट सकता है, जबकि रातें और ज्यादा ठंडी हो जाएंगी।

अक्टूबर में रहेगा ‘मिला-जुला’ मौसम

मौसम विभाग के अनुसार अक्टूबर में मौसम न पूरी तरह गर्म रहेगा, न पूरी तरह ठंडा। दिन में धूप रहेगी, लेकिन सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी। कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना भी है। कुल मिलाकर अक्टूबर में मौसम बार-बार करवट लेता रहेगा। वैज्ञानिकों के मुताबिक नवंबर के दूसरे हफ्ते से ठंड का असली दौर शुरू होगा, जो जनवरी तक अपने पूरे शबाब पर रहेगा। इस बार फरवरी तक ठंड बनी रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस साल की सर्दी पिछले कई वर्षों से ज्यादा कड़ाके की हो सकती है। 2010 के बाद पहली बार प्रदेश में इतनी तीखी ठंड महसूस होने की उम्मीद है।

ला-नीना और पश्चिमी विक्षोभ करेंगे असर

आईएमडी ने जानकारी दी है कि इस बार ला-नीना की परिस्थितियां विकसित हो रही हैं, जो आमतौर पर ठंड को और ज्यादा बढ़ा देती हैं। साथ ही, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों की संख्या भी अधिक रहने वाली है। इसका मतलब है कि सर्दियों में सामान्य से ज्यादा बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे तापमान और नीचे जा सकता है। इंदौर में फिलहाल दिन सुहाने हैं, लेकिन रातें अब रजाई की याद दिलाने लगी हैं। अगर मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही निकली, तो इस बार ठंड इंदौरियों को सचमुच कंपकंपा देगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp