महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप का 20वां मुकाबला शनिवार को इंदौर के उषा राजे होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में भारतीय टीम इंग्लैंड से भिड़ेगी। 27 हजार क्षमता वाले स्टेडियम में अब तक 18 हजार टिकट बिक चुके हैं। मैच दोपहर 3 बजे शुरू होगा। टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। टूर्नामेंट में शीर्ष-4 में जगह बनाने के लिए इंग्लैंड पर जीत जरूरी है। उषा राजे स्टेडियम में अब तक भारत ने 7 वनडे मैचों में कभी हार नहीं मानी है। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम पिछली दो हार को भुलाकर जीत की पटरी पर लौटने की कोशिश करेगी।
स्मृति और क्रांति
छतरपुर की रहने वाली क्रांति गौड़ के लिए यह होम ग्राउंड है और गेंदबाजों को उनसे खास सावधानी बरतनी होगी। स्मृति मंधाना ने 10 मैचों में 549 रन बनाए हैं और उनकी औसत 54.90 है। वहीं, प्रतिका रावल ने 344 रन बनाए हैं। इन बल्लेबाजों पर सभी की नजर रहेगी।
रन रेट बनाए रखना भी चुनौती
टीम इंडिया को अब तक साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार झेलनी पड़ी है। इंग्लैंड ने अभी तक कोई मैच नहीं हारा है। टूर्नामेंट में टीम इंडिया को इंग्लैंड के अलावा न्यूजीलैंड और बांग्लादेश से भी मुकाबला खेलना है। इसलिए जीत के साथ-साथ रन रेट बनाए रखना भी अहम चुनौती है।
स्टेडियम में नियम और एंट्री
एमपीसीए सचिव सुधीर असनानी ने बताया कि दर्शक रेडियो, कैमरा, हेलमेट, पटाखे, ज्वलनशील पदार्थ, बड़े लेडीज बैग, लैपटॉप, सेल्फी स्टिक आदि स्टेडियम में नहीं ले जा पाएंगे। बोतल, सिगरेट और अन्य सामान पर भी रोक है।
स्टेडियम में 8 गेट हैं, लेकिन दर्शकों को केवल उषा राजे, सतीश मल्होत्रा और एक अन्य गेट से एंट्री मिलेगी। दर्शकों को 12:30 बजे तक स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है। लास्ट मिनट टिकटिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
टीम इंडिया के लिए भरोसे का मैदान
भारत और इंग्लैंड के बीच पिछला मुकाबला 2025 में चेस्टर ली स्ट्रीट में खेला गया था, जिसमें टीम इंडिया ने 319 रन का टारगेट सफलतापूर्वक डिफेंड किया था। आज भी टीम इंडिया का लक्ष्य यही होगा कि वह फैंस की उम्मीदों पर खरा उतरे और टॉप-4 में अपनी जगह पक्की करे।
