जबलपुर के ओमती थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार लग्जरी एमजी (SUV) कार ने शहर की सड़कों पर दहशत फैला दी। घटना रात करीब 11:50 बजे की है। भंवरताल गार्डन की ओर से शुरू हुआ हिट एंड रन का सिलसिला इनकम टैक्स ऑफिस होते हुए रसल चौक तक पहुंचा। इस दौरान कार ने राहगीरों, एक पुलिस कर्मचारी और आधा दर्जन से अधिक वाहनों को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार असामान्य रूप से तेज रफ्तार में थी। रसल चौक पर सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारते हुए वह आगे निकल गई। इसके बाद रास्ते में एक युवती और अन्य राहगीर भी इसकी चपेट में आ गए। चश्मदीदों का कहना है कि चालक वाहन पर नियंत्रण खो चुका था, लेकिन उसने रफ्तार कम करने की कोशिश नहीं की। अचानक हुए इस घटनाक्रम से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जबलपुर में लग्जरी SUV का तांडव
हादसे में कार चालक, एक पुलिस कर्मचारी और कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।
सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि पूरी घटना की कड़ी जोड़ी जा सके। चालक की हालत और घटना के कारणों को लेकर भी जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय चालक नशे में था या वाहन में कोई तकनीकी खराबी थी।
उठे सवाल
इस घटना के बाद शहर में एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। देर रात तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और नियमों की अनदेखी से इस तरह के हादसे बढ़ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़कों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
