,

जबलपुर में भाजपा-कांग्रेस समर्थक भिड़े, हवाई फायरिंग से मचा हंगामा

Author Picture
Published On: 4 October 2025

जबलपुर में देर रात दशहरा चल समारोह के दौरान भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दौरान हवाई फायरिंग भी हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही एसपी और चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को अलग कर स्थिति संभाली। बताया जा रहा है कि एक युवक को गोली लगी, हालांकि पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।

रात 1 बजे मचा हंगामा

घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच कांचघर इलाके में हुई। यहां दशहरा चल समारोह के दौरान कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया और पूर्व मंत्री अंचल सोनकर के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों दलों के मंच अलग-अलग जगह बने हुए थे। जब एक दुर्गा प्रतिमा पूजन के लिए पहुंची, तो पूजन के क्रम को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे मारपीट और फायरिंग में बदल गई।

मंच और कुर्सियां बिखरीं

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़े के दौरान कुर्सियां टूट गईं, मंच बिखर गया और दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। भीड़ में भगदड़ मच गई और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को किसी तरह शांत किया। बताया जा रहा है कि पिंटू अन्ना नाम के युवक को गोली लगने की खबर भी सामने आई है, लेकिन पुलिस इस पर कुछ भी कहने से बच रही है।

जांच जारी

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि रात में सूचना मिली थी कि चल समारोह के दौरान भारी भीड़ इकट्ठा हो गई है और कुछ लोगों में विवाद हो गया है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल विवाद की असली वजह की जांच की जा रही है।

शांति की अपील

भाजपा नेता विवेक राम सोनकर ने बताया कि पहले कुछ लोगों ने मंच पर आकर गाली गलौज शुरू की, जिसके बाद झगड़ा बढ़ गया और किसी ने हवाई फायर कर दिया। भगदड़ में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। बाद में पूर्व मंत्री अंचल सोनकर और विधायक लखन घनघोरिया दोनों मंच पर आए और समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की।

उधर, जबलपुर के गढ़ा क्षेत्र में चल समारोह के दौरान एक मंच गिरने से बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार रात गुलौआ चौक पर लगा विशाल मंच भरभराकर गिर गया, जिससे 15 से ज्यादा लोग घायल हुए और श्वेता वर्मा नामक महिला की मौत हो गई। उनके बेटे का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जबलपुर की ये दोनों घटनाएं त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp