जबलपुर में बिना वैध अनुमति ट्रक और कारों को काटकर स्क्रैप बेचने का अवैध कारोबार उजागर हुआ है। क्राइम ब्रांच और आधारताल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने खजरी खिरिया स्थित एक गैराज पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। मौके से ट्रक, कार, कटे हुए स्क्रैप पार्ट्स, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य उपकरण सहित करीब 50 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया। गैराज संचालक आतिफ अली, निवासी छोटी ओमती, को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार सुबह क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि गैराज में अवैध रूप से वाहनों को काटकर स्क्रैप बनाया जा रहा है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने दबिश दी। जांच के दौरान ट्रक क्रमांक MP-46-H-0163 आधा कटा हुआ मिला, जिसका स्क्रैप DL-1-P-1469 नंबर के ट्रक में लोड किया जा रहा था। मौके पर खड़े ट्रक के इंजन और चेसिस नंबर का मिलान किया गया, जिसमें इंजन नंबर DPH-441324 और चेसिस नंबर DPE-610459 पाया गया।
जबलपुर में अवैध वाहन स्क्रैपिंग
पुलिस को एक अन्य ट्रक पूरी तरह काटकर स्क्रैप की स्थिति में मिला, जिसे MP-20-G-9040 में लोड किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने MP-20-HB-0165 नंबर के ट्रक को भी स्क्रैप किए जाने की जानकारी दी। तलाशी के दौरान MP-20-T-6687 नंबर की सफेद इंडिका विस्टा का इंजन निकालकर ट्रक में लोड करते हुए पाया गया। इसके अलावा MP-20-CA-1961 इंडिका, MP-20-CA-3461 सेंट्रो और MP-20-CB-7504 ग्रे रंग की कारें भी गैराज में खड़ी मिलीं।
वैध दस्तावेज नहीं
जब पुलिस ने वाहनों के दस्तावेज, कटिंग की अनुमति और लाइसेंस के संबंध में पूछताछ की तो आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि टैक्स चोरी वाले वाहनों को भी बिना अनुमति काटा जा रहा था। पुलिस अब जब्त वाहनों की वैधानिक स्थिति और मालिकाना हक की जांच कर रही है।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। अवैध स्क्रैप कारोबार पर नकेल कसने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
