,

Jabalpur News: नशे में ट्रक चालक का हाईवे पर उत्पात, लाठी लेकर दौड़ाए अफसर; आधे घंटे जाम

Author Picture
Published On: 20 December 2025

Jabalpur News : जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रक चालक ने नशे की हालत में बीच सड़क पर जमकर हंगामा कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि नेशनल हाईवे का एक लेन करीब आधे घंटे तक ठप रहा। एक तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। मिली जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग का उड़नदस्ता जबलपुर-भोपाल मार्ग पर नियमित वाहन जांच कर रहा था। इसी दौरान CG 04 NT 0804 नंबर का ट्रक तेज रफ्तार में भोपाल की ओर बढ़ रहा था। टीम ने ट्रक को रुकवाया तो चालक ने अपना नाम अरविंद, निवासी देवास बताया। बातचीत के दौरान ही चालक की हालत संदिग्ध नजर आई।

जांच में सामने आया कि ट्रक में कई तरह की अतिरिक्त लाइटें लगी हुई थीं। जब परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने वाहन से जुड़े कागजात मांगे तो चालक ने साफ इनकार कर दिया। नियमों के तहत पीएसओ मशीन से ऑनलाइन चालान काटा गया, जिससे चालक बुरी तरह भड़क गया और हाथ में लाठी लेकर चिल्लाने लगा।

लाठी लेकर कर्मचारियों को खदेड़ा

बताया जा रहा है कि चालक नशे में इस कदर धुत था कि उसने लाठी लेकर परिवहन विभाग के कर्मचारियों को सड़क पर दौड़ा लिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद लोग भी सहम गए। हालात बिगड़ते देख कर्मचारियों ने खुद को सुरक्षित रखते हुए बेलखेड़ा थाना पुलिस को सूचना दी। समझाइश के बावजूद चालक नहीं माना। उसने ट्रक को नेशनल हाईवे के एक लेन पर आड़ा खड़ा कर दिया और हटाने से साफ इनकार कर दिया। हाथ में लाठी लिए वह सड़क पर घूमता रहा और खुलेआम चुनौती देता रहा कि जिसे बुलाना है बुला लो। इसके चलते एक ओर का यातायात पूरी तरह रुक गया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही बेलखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए चालक को हिरासत में लिया और ट्रक जब्त कर लिया। हंगामे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें चालक का आक्रामक व्यवहार साफ नजर आ रहा है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 126(1), 127(2), 285 और 270 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासन का कहना है कि नशे में वाहन चलाने और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp