जबलपुर | शनिवार की रात जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में एक मामूली सिगरेट को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। सिगरेट पीने के बाद पैसे मांगने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने इतनी तेजी से तूल पकड़ा कि दो समुदायों के युवक आमने-सामने आ गए और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
बड़ा पत्थर इलाके की घटना
घटना बड़ा पत्थर इलाके की है, जहां एक पान की दुकान पर नीरज कुशवाहा अपने दोस्तों के साथ बैठा था। उसी दौरान प्रेम सोनकर वहां पहुंचा और सिगरेट पीने के बाद जब पैसे देने से मना किया, तो निलेश कुशवाहा से उसकी बहस हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि नीरज ने प्रेम की पिटाई कर दी।
मचा हड़कंप
प्रेम सोनकर ने घटना की जानकारी अपने साथियों को दी और बापू नगर से उसके दोस्त मौके पर पहुंच गए। उधर नीरज कुशवाहा के साथी भी घटनास्थल पर आ गए। इसके बाद, दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और घूंसे चले। पान की दुकान के आसपास हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग डर के मारे घरों में बंद हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है।
टीआई ने दी जानकारी
थाना प्रभारी उमेश गोलहनी के अनुसार, निलेश कुशवाहा की शिकायत पर प्रेम सोनकर, साजन सोनकर, बादल सोनकर और सौरभ सोनकर पर एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, प्रेम सोनकर की शिकायत पर नीरज कुशवाहा, आकाश कुशवाहा और बालकिशन के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच भी कर रही है। फिलहाल, इलाके में पुलिस बल तैनात है और हालात काबू में हैं।
