मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर अगले हफ्ते राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के बड़े आयोजन की मेजबानी करने जा रहा है। यहां अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक होने जा रही है, जिसमें सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और देशभर से आए शीर्ष पदाधिकारी शामिल होंगे। यह बैठक 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक विजय नगर स्थित कचनार क्लब एंड रिसॉर्ट में होगी।
शताब्दी वर्ष में खास बैठक
संघ के लिए यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि आरएसएस अब अपने 101वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। शताब्दी वर्ष के इस दौर में यह पहली बड़ी अखिल भारतीय बैठक होगी। हर साल होने वाली यह बैठक इस बार महाकौशल प्रांत, यानी जबलपुर में आयोजित की जा रही है। आयोजन को लेकर शहर में तैयारियां जोरों पर हैं।
3 दिन चलेगा मंथन
बैठक में संघ की संगठनात्मक संरचना के 46 प्रांतों से प्रतिनिधि शामिल होंगे। इनमें प्रांत संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक और उनके सहयोगी मौजूद रहेंगे।
पहले दिन यानी 28 अक्टूबर को अखिल भारतीय अधिकारी, क्षेत्र कार्यवाह और क्षेत्र प्रचारकों की आंतरिक बैठक होगी।
29 अक्टूबर को प्रांत स्तर के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जबकि 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मुख्य बैठक चलेगी।
🇮🇳 भाग लेंगे ये प्रमुख चेहरे
तीन दिनों की इस बैठक में सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी छह सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय अधिकारी, क्षेत्रीय और प्रांतीय स्तर के प्रमुख शामिल रहेंगे। इसके अलावा, सम-विचारी संगठनों के प्रतिनिधि भी चर्चा में हिस्सा लेंगे।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
- बैठक में देश की मौजूदा सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा की जाएगी।
- विजयादशमी पर मोहन भागवत के संबोधन पर मंथन
- संघ शताब्दी समारोह से जुड़े आयोजनों की समीक्षा
- अक्टूबर 2026 तक चलने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रमों की रूपरेखा
- ‘पंच परिवर्तन’ अभियान को लेकर कार्ययोजना
व्यवस्था चाक-चौबंद
बैठक को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। शहर के प्रवेश मार्गों और आयोजन स्थल पर पुलिस बल तैनात रहेगा। संघ के स्वयंसेवक भी आयोजन स्थल के अंदर और बाहर व्यवस्था संभालेंगे।
