जबलपुर जिले के कटंगी थाना क्षेत्र के कैमोरी गांव की रहने वाली उज्जैन नवविवाहिता पूजा की शादी को अभी बीस दिन ही हुए थे कि अचानक उसकी मौत की खबर ने दोनों परिवारों को सदमे में डाल दिया। पूजा का विवाह 6 फरवरी को गढ़ा फाटक निवासी निखिल साहू से हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन उज्जैन से लौटते समय हुई इस घटना ने माहौल को मातम में बदल दिया।
परिजनों के मुताबिक शादी के बाद पूजा अपने पति और रिश्तेदारों के साथ दर्शन के लिए उज्जैन गई थी। 15 फरवरी को पूजा, निखिल के साथ नम्रता, ज्योति और नरेश भी यात्रा पर निकले थे। बताया जा रहा है कि 20 फरवरी को जब सभी लोग वापस जबलपुर लौट रहे थे, तभी रास्ते में पूजा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पति ने परिवार को एक वीडियो भेजकर उसकी हालत खराब होने की जानकारी दी।
उज्जैन दर्शन
परिवार का आरोप है कि दमोह जिले के तेंदूखेड़ा के पास पूजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि उन्हें केवल तबीयत बिगड़ने की सूचना दी गई, जबकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं की गई। इसी कारण उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
SP कार्यालय में प्रदर्शन
शनिवार को पूजा के परिजन और समाजजन बड़ी संख्या में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि शादी के महज कुछ दिनों बाद इस तरह मौत होना संदेह पैदा करता है।
जीरो पर मामला दर्ज
जबलपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जीरो पर अपराध दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच के बाद केस डायरी दमोह पुलिस को भेज दी गई है, क्योंकि घटना का स्थान वहीं का बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पूजा की अचानक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है, वहीं पुलिस मामले की हर पहलू से जांच करने की बात कह रही है। आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई साजिश।
