जबलपुर | मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के ग्राम रिठौरी में शुक्रवार देर रात ग्रामीणों ने एक बदमाश की धारदार हथियार से हत्या कर दी। मृतक की पहचान पनागर निवासी रूपेंद्र साहू के रूप में हुई है, जिस पर हत्या के प्रयास, लूट, अवैध वसूली और धमकाने सहित 28 आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस के अनुसार, रूपेंद्र साहू की हत्या पुरानी रंजिश के चलते हुई है। आरोपियों में लक्ष्मण बंजारा, देवेंद्र बंजारा और अन्य लोग शामिल हैं। खमरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
11 माह पुरानी रंजिश
सितंबर 2024 में रूपेंद्र और उसके साथियों ने रिठौरी निवासी लक्ष्मण बंजारा पर चाकू से हमला किया था। तब से बंजारा परिवार बदला लेने की फिराक में था। उसी हमले की कड़ी में यह हत्या मानी जा रही है।
शराब दुकान पर फायरिंग
करीब आठ माह पहले रूपेंद्र के गुर्गों ने खमरिया की शराब दुकान पर फायरिंग कर अवैध वसूली की कोशिश की थी। इसमें एक कर्मचारी बाल-बाल बच गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि फायरिंग रूपेंद्र के शॉर्प शूटर आकाश बग्गा ने की थी। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली के जनकपुरी इलाके से रूपेंद्र को गिरफ्तार किया था।
गैंग का संचालन
रूपेंद्र साहू ने युवाओं को जोड़कर गैंग बना लिया था। गैंग के सदस्य पैसे के लालच में वारदात को अंजाम देते थे। उसकी बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए पुलिस जिला बदर की तैयारी कर रही थी।