,

मप्र में चार IAS अफसरों की पोस्टिंग बदली, अनिल सुचारी बने सागर संभागायुक्त

Author Picture
Published On: 2 July 2025

भोपाल | मध्य प्रदेश (MP) शासन ने मंगलवार देर रात 4 वरिष्ठ IAS अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं की हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में सीनियर आईएएस अनिल सुचारी को सागर संभागायुक्त नियुक्त किया गया है। यह पद 30 जून को रिक्त हुआ था। सुचारी अब तक सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव पद पर कार्यरत थे।

राजस्व मंडल के सदस्य संजीव कुमार झा को अब राज्य का नया मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बनाया गया है। उनके स्थान पर वर्तमान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह को लोक निर्माण विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले भी वे इसी विभाग में सेवाएं दे चुके हैं।

इन्हें जिम्मेदारियों से किया गया मुक्त

सूत्रों के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग की सहमति के बाद इन दोनों अधिकारियों की नियुक्ति पर निर्णय पिछले महीने ही ले लिया गया था, परंतु आदेश अब जारी किए गए हैं। सुखवीर सिंह के कार्यभार संभालने के साथ ही ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई को पीडब्ल्यूडी के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया जाएगा।

रघुराज एमआर को श्रम विभाग की जिम्मेदारी

सचिव तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग रघुराज एमआर को अब श्रम विभाग का सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही प्रमुख सचिव मप्र मानव अधिकार आयोग मुकेश चंद्र गुप्ता को राजस्व मंडल सदस्य का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। प्रमुख सचिव खनिज साधन उमाकांत उमराव, रघुराज एमआर के कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्रम विभाग की जिम्मेदारी से मुक्त होंगे। हालांकि, उनके पास पशुपालन और डेयरी विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार पूर्ववत रहेगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp