रीवा | खेल मैदान से मध्यप्रदेश (MP) के लिए एक गौरवमई खबर सामने आई है। यहां रीवा के गांव बाजरा के रहने वाले तेजस मिश्रा ने अमेरिका की बर्मिंघम सिटी में आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर हिंदुस्तान का नाम रोशन कर दिया है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में इंडोनेशिया के खिलाड़ी को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया है।
खेल कोटे से हासिल की नौकरी
तेजस मिश्रा ने प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा रीवा से हासिल की थी और फिर आगे की पढ़ाई के लिए भोपाल चले आए थे। यहां उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ खेल मैदान में भी अपने जौहर दिखाने शुरू किए और ताइक्वांडो जैसे खेल में महारत हासिल की। खेल मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत ही उन्हें देश की सेवा करने का मौका मिला और BSF में नौकरी हासिल की।
अमेरिका की बर्मिंघम सिटी में 30 जून से 3 जुलाई तक आयोजित हुई वर्ल्ड पुलिस ताइक्वांडो खेल प्रतियोगिता में तेजस मिश्रा ने 58 किलोग्राम भारवर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर भारत देश और विंध्य क्षेत्र का नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करवाया है। इस टूर्नामेंट में अमेरिका, कंबोडिया, कोलंबिया, फिलीपींस, इंडोनेशिया सहित कई अन्य देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
ओलंपिक में पदक जीतेगा तेजस मिश्रा
BSF जवान तेजस मिश्रा के चाचा वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि भतीजे ने अमेरिका में गोल्ड मेडल जीतकर हमारे गौरव को बढ़ाया है। हमें उनकी उपलब्धि पर गर्व महसूस हो रहा है। उनके द्वारा गोल्ड मेडल जीतने की अपार खुशी हैं। वो दिन अब दूर नहीं, जब ओलम्पिक खेलों में तेजक देश के लिए ताइक्वांडो में गोल्ड मेडल जीतेगा। हमें पूरी उम्मीद है कि तेजस इस लक्ष्य को जरूर हासिल करेगा।