,

CM यादव ने उज्जैन में बृहस्पति महादेव मंदिर में किया पूजा-अर्चना, गीता भवन का लिया अवलोकन

Author Picture
Published On: 15 January 2026

CM डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को उज्जैन के गोलामंडी स्थित प्राचीन बृहस्पति महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों के साथ संवाद करते हुए चाय पी और निर्माणाधीन गीता भवन का अवलोकन भी किया।

बुधवार को मुख्यमंत्री ने उज्जैन में पांच दिवसीय महाकाल उत्सव का शुभारंभ किया था। इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गई थीं, जिनमें पद्मश्री शंकर महादेवन ने ‘शिवोहम’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। महाकाल उत्सव के बाद मुख्यमंत्री रात में उज्जैन में ही रुके थे।

CM ने की पूजा

गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपनी पत्नी सीमा यादव के साथ गोलामंडी स्थित बृहस्पति महादेव मंदिर पहुंचे। उन्होंने लगभग 20 मिनट तक विधि-विधान से पूजन-अभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मंदिर से उनकी करीब 40 वर्षों पुरानी आस्था जुड़ी हुई है। छात्र नेता से लेकर मंत्री बनने तक वे हर गुरुवार यहां दर्शन करते रहे हैं। मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए यह उनका पहला बृहस्पतिवार दर्शन था।

सिंहस्थ महापर्व

पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति के पावन अवसर पर सूर्य देव और बृहस्पति महादेव का आशीर्वाद मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प साझा किया और बताया कि संबंधित सभी विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं।

नागरिकों के साथ चाय

मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री गोलामंडी से तेलीवाड़ा चौराहे पहुंचे और वहां एक पुरानी चाय की दुकान पर आम नागरिकों के साथ चाय पी। उन्होंने लोगों से संवाद किया और दुकानदार से भी बातचीत की। जब मुख्यमंत्री ने स्वयं चाय का भुगतान किया, तो दुकानदार ने संकोच जताया, जिस पर मुख्यमंत्री मुस्कुराते हुए बोले, “ये तो लेना ही होंगे।”

इसके बाद मुख्यमंत्री ने शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय के समीप निर्माणाधीन गीता भवन का अवलोकन किया। अधिकारियों ने बताया कि गीता भवन जी प्लस टू संरचना में बनाया जा रहा है और इसे अप्रैल 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp