मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार शाम उज्जैन दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे करीब 5:30 बजे उज्जैन हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से सीधे वे पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड जाएंगे, जहां एक विशेष सांस्कृतिक और फिल्मी कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और आयोजकों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड पर आयोजित इस कार्यक्रम में आगामी हिंदी फिल्म ‘राहु केतु’ का प्रमोशन किया जाएगा। मुख्यमंत्री यहां फिल्म के एक गीत की लॉन्चिंग में भी शामिल होंगे। इस मौके पर फिल्म की पूरी स्टार कास्ट उज्जैन में मौजूद है। फिल्म के मुख्य कलाकार पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा और शालिनी पांडे पहले ही शहर पहुंच चुके हैं और कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं।
शिव भजन
शाम के कार्यक्रम का खास आकर्षण इंटरनेशनल रेपर और सिंगर राजा कुमारी की प्रस्तुति रहेगी। राजा कुमारी द्वारा फिल्म ‘राहु केतु’ के लिए गाए गए गीत को मुख्यमंत्री के साथ मंच से प्रमोट किया जाएगा। इसके अलावा राजा कुमारी शिव भजन की विशेष प्रस्तुति भी देंगी, जिससे कार्यक्रम को आध्यात्मिक रंग भी मिलेगा। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम सिनेमा, संगीत और संस्कृति का अनूठा संगम होगा।
ग्रह-नक्षत्र की थीम पर फिल्म
फिल्म ‘राहु केतु’ की कहानी नशा मुक्ति और ग्रह-नक्षत्र की अवधारणा पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म के निर्माता और निर्देशक इसे सामाजिक संदेश से जोड़कर देख रहे हैं। उज्जैन जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक शहर में फिल्म के प्रमोशन को लेकर टीम काफी उत्साहित नजर आ रही है। फिल्मी कार्यक्रम के अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव डोंगला स्थित ऑब्जर्वेटरी में आयोजित एक राष्ट्रीय कार्यशाला में भी वर्चुअल रूप से शामिल होंगे। यह कार्यशाला ‘भारत की वैदिक गणित परंपरा’ विषय पर केंद्रित है, जिसमें देश और प्रदेश के कई प्रतिष्ठित विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।
हमारा मध्यप्रदेश…
जहां उज्ज्वल भविष्य से जुड़ रहे हैं शहर। pic.twitter.com/vOVr45DChC
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) December 22, 2025
वैदिक गणित पर होगा मंथन
राष्ट्रीय कार्यशाला में वैदिक गणित की वैज्ञानिकता, आधुनिक गणित से उसके संबंध और शिक्षा व्यवस्था में इसके उपयोग पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसमें शोधार्थी, शिक्षाविद् और शिक्षक शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का वर्चुअल संबोधन इस सत्र का अहम हिस्सा माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासनिक अमला कार्यक्रम स्थलों पर तैनात रहेगा ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
