, ,

मंत्री विजयवर्गीय के बयान पर कांग्रेस हमलावर, महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए गंभीर सवाल

Author Picture
Published On: 28 September 2025

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा राहुल और प्रियंका गांधी पर दिए गए विवादित बयान के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस पूरी तरह हमलावर हो गई है। प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष नूरी खान ने भाजपा नेताओं पर महिलाओं को सिर्फ उपभोग की वस्तु समझने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं की सुरक्षा गंभीर संकट में है और यहां के नेता कभी खिलाड़ियों से दुष्कर्म करते हैं, तो कभी हाईवे पर फिल्म बनाते हैं।

शाजापुर में नवरात्रि के दौरान राहुल और प्रियंका गांधी को लेकर दिए गए बयान को लेकर कांग्रेस ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी। नूरी खान ने चेतावनी दी कि यदि विजयवर्गीय सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो उन्हें घर जाकर चूड़ी भेंट की जाएगी। तराना विधायक और कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेश परमार ने मंत्री की तुलना रावण से की और कहा कि उनका व्यवहार अनुचित और आपत्तिजनक है।

भाजपा की जिम्मेदारी उजागर

कांग्रेस ने भाजपा सरकार में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध का आंकड़ों के साथ खुलासा किया। पार्टी ने पत्रकारों को 5 पेज का चिट्ठा सौंपा, जिसमें बताया गया कि सीएम ने विधानसभा में स्वीकार किया था कि प्रदेश में रोज़ाना करीब 20 दुष्कर्म की घटनाएं होती हैं। कांग्रेस ने जनवरी 2024 से जून 2025 तक की अवधि के आंकड़े साझा किए। इस दौरान 21,175 महिलाएं और नाबालिग लापता हुईं, जबकि 10,840 दुष्कर्म के मामले दर्ज किए गए, जिनमें 4,805 महिलाएं थीं।

आरोपी बरी

साल 2022 से 2024 के बीच एससी/एसटी समुदाय की 7,418 महिलाओं के साथ शोषण की घटनाएं हुईं। इसमें 338 मामलों में सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं शामिल थीं। इसके बावजूद 77 प्रतिशत आरोपी बरी हो गए, जिससे न्याय व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल उठते हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मंत्री विजयवर्गीय के विवादित बयान और भाजपा सरकार की नाकामी के बीच पार्टी ने दोनों मुद्दों को जोड़कर प्रदेशभर में चेतावनी दी है और कार्रवाई की मांग की है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp