मुख्यमंत्री मोहन यादव के गृह जिले उज्जैन से कांग्रेस पार्टी 12 सितंबर 2025 को किसान न्याय यात्रा निकाल रही है। कांग्रेस का कहना है कि यह यात्रा भाजपा सरकार की किसानों के प्रति उपेक्षा और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन साबित होगी। यात्रा में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी, मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, एआईसीसी महासचिव और पूर्व उपमुख्यमंत्री राजस्थान सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ नेता, विधायक, जिला अध्यक्ष और हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने ही गृह जिले के किसानों की समस्याओं को सुनने के लिए तैयार नहीं हैं। उज्जैन के किसान कर्ज़, महंगाई और खाद की कमी से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।
किसान न्याय यात्रा
कांग्रेस का कहना है कि किसान न्याय यात्रा इन मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का एक बड़ा माध्यम बनेगी। यात्रा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, किसानों की उपेक्षा, युवाओं की बेरोजगारी और महिलाओं की असुरक्षा के खिलाफ एक संदेश देने वाली है। कांग्रेस का साफ कहना है कि जब तक प्रदेश की जनता को न्याय नहीं मिलेगा, भाजपा को सत्ता में चैन से बैठने नहीं दिया जाएगा।
जनसभा और रैली के दौरान कांग्रेस नेता यह संदेश देंगे, “भाजपा = वोट चोर, भाजपा = किसान विरोधी, भाजपा = बेरोजगारी की जननी।” पार्टी का कहना है कि उज्जैन से शुरू हुई यह गूंज पूरे मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार की नींव हिला सकती है।
कल #उज्जैन में गूंजेगी, किसानों के हक की हुंकार!
किसान न्याय यात्रा ✊
🗓️ दिनांक – 12 सितम्बर 2025
⏰ समय – प्रातः 11:00 बजे
📍 स्थान – कृषि उपज मंडी, उज्जैन pic.twitter.com/UXCSDiwdC1— MP Congress (@INCMP) September 11, 2025
कांग्रेस का दावा
कांग्रेस का दावा है कि अब प्रदेश की जनता धोखे और जुमलों से नहीं, बल्कि न्याय और हक़ की लड़ाई लड़ने वाली कांग्रेस के साथ खड़ी है। पार्टी नेताओं ने किसानों, युवाओं और महिलाओं से अपील की है कि वे इस यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपनी समस्याओं को उजागर करें।
सरकार को चेतावनी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि मोहन यादव के गृह जिले से उठी यह आवाज पूरे राज्य में भाजपा सरकार के खिलाफ एक मजबूत चेतावनी बनेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर किसान सभा, रैली और रोड शो आयोजित किए जाएंगे, जिससे किसानों और आम जनता तक पार्टी के संदेश को पहुँचाया जा सके। यात्रा के जरिए कांग्रेस यह भी दिखाना चाहती है कि केवल चुनावी वादों से नहीं, बल्कि जमीन पर किए गए कार्य और न्याय देने वाली नीतियों से ही जनता के विश्वास को हासिल किया जा सकता है। पार्टी का दावा है कि यह यात्रा किसानों, मजदूरों और युवाओं के लिए लड़ाई की नई दिशा तय करेगी।
मीडिया विभाग मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसे सार्वजनिक करते हुए कहा कि यह आंदोलन न केवल उज्जैन बल्कि पूरे मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोगों की जागरूकता बढ़ाने में मदद करेगा।
