फिल्म अभिनेत्री और भाजपा नेत्री जयाप्रदा शनिवार रात उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। उन्होंने मंदिर की देहरी से ही भगवान महाकाल के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने भगवान महाकाल का ध्यान किया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। मंदिर के पुजारियों ने उनका विधिवत पूजन किया। जयाप्रदा ने कहा कि बाबा की कृपा से ही उन्हें यहां आने का मौका मिला।
कांग्रेस पर तीखा हमला
मीडिया से बातचीत में जयाप्रदा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए पीएम मोदी की मां के अपमान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “यह बहुत दुख की बात है कि कांग्रेस वाले उन व्यक्तियों पर भी टिप्पणी कर रहे हैं, जो अब हमारे बीच नहीं हैं।” उनका कहना था कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए, लेकिन कांग्रेस की टिप्पणी निराशाजनक है।
PM मोदी की तारीफ
जयाप्रदा ने महाकाल मंदिर के विकास की भी सराहना की और कहा कि मोदी है तो मुमकिन है। उन्होंने पीएम मोदी के त्याग और देश के लिए किए गए कार्यों की जमकर तारीफ की। उनका कहना था कि मोदी ने देश के लिए जो योगदान दिया, उसे कोई और नहीं दे सकता।
महिला सशक्तिकरण के सवाल पर जयाप्रदा ने कहा कि केवल महिला दिवस पर बातें करने से काम नहीं चलेगा। असली मायने यह हैं कि महिलाओं को हर क्षेत्र में सम्मान और बराबरी मिले। उनका मानना है कि कार्यों से ही यह दिखाना चाहिए कि महिलाओं को कितनी अहमियत दी जा रही है।
मंदिर प्रशासन ने किया सम्मान
अंत में, महाकाल मंदिर प्रशासन की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने जयाप्रदा को प्रसाद और दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर जयाप्रदा बेहद खुश नजर आईं और उन्होंने मंदिर प्रशासन का धन्यवाद किया।
