Ujjain News : उज्जैन में शिप्रा नदी के तट पर स्थित रणजीत हनुमान मंदिर के सामने शुक्रवार को एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। रामनाथ जी सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उज्जैन सहित आसपास के जिलों से आए 15 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संस्कार संपन्न किए। खास बात यह रही कि पूरा आयोजन पूरी तरह निशुल्क रखा गया, जिससे जरूरतमंद परिवारों को बड़ा सहारा मिला।
समारोह में शहर और अखाड़ों से जुड़े कई संत-महंत मौजूद रहे। भर्तृहरि गुफा के पीठाधीश्वर योगी पीर महंत रामनाथ महाराज, ऋणमुक्तेश्वर मंदिर के पीठाधीश्वर महावीरनाथ महाराज, महंत रामेश्वरदास महाराज सहित अनेक संतों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा और कई सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल हुए, जिन्होंने आयोजन की सराहना की।
नए सेवाकार्यों की शुरुआत
सामूहिक विवाह के साथ-साथ समाजसेवा से जुड़े कई नए कार्यों का भी शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सेवालय, वृद्धाश्रम और नशा मुक्ति केंद्र की शुरुआत की गई, जिससे समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को लाभ मिल सके। साथ ही भगवान तिरूपति की प्राण-प्रतिष्ठा विधि-विधान से संपन्न कराई गई। पूजा-अर्चना पंडित राम शर्मा बड़वाई ने करवाई। विवाह समारोह में वर-वधू पक्ष के परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच पारंपरिक रस्में निभाई गईं। शिप्रा तट का पूरा वातावरण उत्सव और उल्लास से भर गया। परिवारों ने एक-दूसरे को बधाइयां दीं और नवदंपतियों के नए जीवन की शुरुआत का साक्षी बने।
नवदंपतियों को भेंट
विवाह संपन्न होने के बाद समिति की ओर से सभी जोड़ों को उपयोगी सामग्री और आभूषण भेंट किए गए। संतों और अतिथियों ने नवविवाहितों को सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानजनक तरीके से विवाह संस्कार संपन्न कराने के साथ-साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
सामूहिक विवाह समारोह ने न सिर्फ 15 परिवारों को खुशियां दीं, बल्कि समाज को एकजुटता और सहयोग का संदेश भी दिया। आयोजन में शामिल लोगों ने इसे सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण बताया।
