,

उज्जैन में चोरी की कोशिश नाकाम करने पहुंचे संघ पदाधिकारी पर हमला, आंख में गंभीर चोट

Author Picture
Published On: 28 February 2026

उज्जैन के देवास रोड स्थित पार्शवनाथ कॉलोनी में देर रात चोरी की नीयत से घुसे बदमाशों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक पदाधिकारी पर हमला कर दिया। हमले में पदाधिकारी अर्जुन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने उनके चेहरे पर हथियार से वार किया, जिससे उनकी एक आंख में गहरी चोट आई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक 18 फरवरी की रात करीब 2 बजे छह अज्ञात बदमाश ए-ब्लॉक स्थित एक सूने मकान में घुसे। मकान मालिक मनोहर सिंह आंजना शहर से बाहर थे। कॉलोनी निवासी अभिलाष जैन ने बताया कि संदिग्ध आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और स्थिति की जानकारी लेने बाहर निकले। इसी दौरान घटना की सूचना संघ पदाधिकारी अर्जुन सिंह तक पहुंची, जो मौके पर पहुंच गए।

उज्जैन में चोरी की कोशिश नाकाम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही अर्जुन सिंह ने बदमाशों को ललकारा, उन्होंने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वार सीधे चेहरे पर किया गया, जिससे उनकी आंख बुरी तरह घायल हो गई। गंभीर हालत में उन्हें पहले इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें चेन्नई रेफर किया गया है। उल्लेखनीय है कि इसी मकान को वर्ष 2023 में भी चोरों ने निशाना बनाया था।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश सामान ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही नागझिरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के घरों से फुटेज जुटाकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान के प्रयास में जुटी है।

रहवासियों ने जताई सुरक्षा की चिंता

शनिवार को कॉलोनीवासी पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा से मिले और क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने रात में गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही रहवासियों को निजी सुरक्षा गार्ड बढ़ाने की सलाह भी दी गई।

इलाके में बढ़ी सतर्कता

घटना के बाद कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। रहवासी रात में निगरानी रख रहे हैं, जबकि पुलिस भी सक्रियता से जांच कर रही है। लोगों का कहना है कि शांत माने जाने वाले इस क्षेत्र में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp