Ujjain News: उज्जैन में एडवेंचर टूरिज्म को नई ऊंचाई देने के लिए मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड ने शुक्रवार से स्काई डाइविंग फेस्टिवल के पांचवें संस्करण की शुरुआत कर दी। दताना एयरस्ट्रिप पर शुरू हुआ यह आयोजन 15 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान पर्यटक 10 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर महाकाल की नगरी को आसमान से देखने का अनोखा अनुभव ले सकेंगे।
फेस्टिवल का उद्घाटन एमपी पर्यटन बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक अभय अरविंद बेडेकर और संयुक्त संचालक (एडवेंचर) डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने किया। पहले ही दिन उज्जैन सहित प्रदेश के अन्य शहरों से करीब 100 एडवेंचर प्रेमियों ने स्काई डाइविंग के लिए पंजीयन कराया, जिससे आयोजन को लेकर उत्साह साफ नजर आया।
पहुंच रहे एडवेंचर प्रेमी
अभय बेडेकर ने बताया कि यह स्काई डाइविंग फेस्टिवल का पांचवां संस्करण है और हर साल इसकी लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। देश के कई बड़े शहरों से लोग खासतौर पर इस रोमांचक अनुभव के लिए उज्जैन पहुंच रहे हैं। 10 हजार फीट की ऊंचाई से डाइविंग करना न सिर्फ साहसिक है, बल्कि यादगार भी साबित हो रहा है।
पिछले चार सफल आयोजनों और बढ़ती मांग को देखते हुए इस बार फेस्टिवल की अवधि दो माह रखी गई है। अब तक चार संस्करणों में 700 से ज्यादा लोग स्काई डाइविंग का अनुभव ले चुके हैं। इस बार प्रति प्रतिभागी शुल्क 30 हजार रुपए प्लस जीएसटी तय किया गया है। स्काई डाइविंग रोजाना सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। इच्छुक लोग skyhighindia.com वेबसाइट के जरिए बुकिंग करा सकते हैं।
जिंदगी का यादगार पल
मुंबई से आई वोसाली ने कहा कि स्काई डाइविंग उनके जीवन का सबसे अलग और रोमांचक अनुभव रहा। पहली बार होने के बावजूद उन्हें डर महसूस नहीं हुआ और ट्रेनर्स का सहयोग बेहद अच्छा रहा। वहीं महिदपुर निवासी ऋषि गादिया ने 10 हजार फीट की ऊंचाई से उज्जैन को देखने को अविस्मरणीय क्षण बताया और कहा कि हर व्यक्ति को यह अनुभव जरूर लेना चाहिए।
म.प्र. स्काई-डाइविंग फेस्टिवल का शुभारंभ उज्जैन में हर्षोल्लास से किया गया। दताना एयरस्ट्रिप पर 15 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन सुबह 8 से शाम 5 बजे तक स्काई डाइविंग का रोमांच अनुभव किया जा सकेगा। बुकिंग: https://t.co/EE8b0PDsEz#Ujjain #SkyDiving #AdventureTourism #MPTourism pic.twitter.com/Zof91rOSgD
— Collector Ujjain (@collectorUJN) December 12, 2025
इस फेस्टिवल का संचालन M/s Goforth Adventure Pvt. Ltd. (Sky-high India) द्वारा किया जा रहा है। इसके लिए विशेष रूप से संशोधित New Cessna 182P एयरक्राफ्ट का उपयोग किया जा रहा है, जिसमें एक बार में छह लोग सवार हो सकते हैं। दो प्रतिभागी प्रशिक्षित इंस्ट्रक्टर्स की निगरानी में एक साथ डाइव कर सकते हैं। आयोजन डीजीसीए और यूएसपीए प्रमाणित मानकों के अनुसार हो रहा है।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
स्काई डाइविंग फेस्टिवल के जरिए उज्जैन में पर्यटन की नई संभावनाएं खुल रही हैं। आने वाले समय में अन्य एयर-बेस्ड एडवेंचर गतिविधियां शुरू करने की भी योजना है, जिससे उज्जैन सिर्फ धार्मिक ही नहीं, बल्कि एडवेंचर टूरिज्म के नक्शे पर भी मजबूती से उभरेगा।
