दिल्ली | राजधानी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई। कार्यक्रम के बीच अचानक एक युवक मंच पर चढ़ गया और मुख्यमंत्री को थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को काबू में कर लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। । इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को जनसुनवाई के दौरान हमले की कोशिश का चौंकाने वाला मामला सामने आया। जनसुनवाई कार्यक्रम के बीच अचानक एक युवक मंच पर चढ़ गया और मुख्यमंत्री को थप्पड़ मार दिया।
#WATCH दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई के दौरान हुए हमले पर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, "यह बहुत दुखद है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं और मुझे लगता है कि ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है लेकिन यह घटना… pic.twitter.com/dTYBL9Q9ic
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 20, 2025
CM पर हमला
दिल्ली में जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी शिकायत पत्र लेकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचा था। वह पत्र को हवा में लहराते हुए मंच की ओर बढ़ा और अचानक मुख्यमंत्री के करीब पहुंचकर थप्पड़ मार दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर ने मुख्यमंत्री का हाथ पकड़ने की भी कोशिश की।
आरोपी की पहचान 40 वर्षीय राजेश खिमजी सकरिया के रूप में हुई है, जो राजकोट से दिल्ली आया था। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे काबू कर सिविल लाइंस थाने में पूछताछ के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री को कुछ देर के लिए भीतर ले जाया गया। उन्हें मामूली चोटें आईं, हालांकि उनकी स्थिति सुरक्षित और स्थिर बताई जा रही है।
BJP ने जताई नाराज़गी
दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी नाराज़गी देखी गई। दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं, ऐसे में उन पर हमला लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम महिलाओं की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? कांग्रेस अध्यक्ष ने इस घटना को प्रशासन और पुलिस की बड़ी विफलता करार दिया।
सुरक्षा अलर्ट जारी
दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की घटना के बाद जनता में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब मुख्यमंत्री आवास पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा रही है। लोगों के मन में यह सवाल है कि आरोपी कैसे इतनी आसानी से जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री के करीब पहुंच गया।
इस बीच गिरफ्तार आरोपी से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह किसी व्यक्तिगत समस्या को लेकर जनसुनवाई में पहुंचा था, लेकिन अचानक उसका व्यवहार आक्रामक हो गया और उसने हमला करने की कोशिश की।
