नई दिल्ली | प्रधानमंत्री कार्यालय, नई दिल्ली के निदेशक ऋग्वेद मिलिंद ठाकुर ने दो दिवसीय भोपाल प्रवास के दौरान MP में खेलो इंडिया योजना के क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष अध्ययन किया। शनिवार को सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग से उन्होंने समन्वय भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य की खेल अधोसंरचना, नवाचार, प्रशिक्षण और प्रतिभा संवर्धन पर विस्तार से चर्चा हुई।
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच से प्रेरित ‘खेलो इंडिया’ को प्रदेश में “खेलो बढ़ो अभियान” के ज़रिए नई ऊंचाइयां दी जा रही हैं। राज्य सरकार नवोदित खिलाड़ियों को न केवल संसाधन और प्रशिक्षक उपलब्ध करा रही है, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने की रणनीति पर भी काम कर रही है।
ठाकुर ने बैठक में प्रदेश सरकार की प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, “मध्यप्रदेश ने योजना को कागज़ से ज़मीन तक उतारने में अनुकरणीय कार्य किया है। यहां की खेल अधोसंरचना और अकादमिक पहल अन्य राज्यों के लिए मॉडल बन सकती है।”
मैदान पर देखी सुविधाएं
अपने दौरे के पहले दिन 4 जुलाई को श्री ठाकुर ने खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (रोइंग, शूटिंग और हॉकी) का जायजा लिया और 52 खेलो इंडिया सेंटर्स की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही, वर्ष 2022 में भोपाल में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अनुभवों और प्रशासनिक सीखों पर वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की।
दूसरे दिन, उन्होंने प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों से सीधा संवाद किया और उनकी ज़मीनी ज़रूरतों को समझा। श्री ठाकुर ने कहा, “प्रशिक्षण की गुणवत्ता, पोषण, चिकित्सा सुविधा, खेल मनोविज्ञान और तकनीकी सहयोग, हर मोर्चे पर मध्यप्रदेश ने ठोस पहल की है।” ठाकुर ने इक्वेस्ट्रियन, शूटिंग, हॉकी और वॉटर स्पोर्ट्स अकादमियों का भी दौरा किया। नाथू बरखेड़ा स्थित निर्माणाधीन अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर उन्होंने कार्य प्रगति की समीक्षा की।
मंत्री सारंग ने दी ये जानकारी
मंत्री सारंग ने बताया कि प्रदेश में युवाओं में खेल के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है। खेल अब करियर का विकल्प है और सरकार इसे रणनीतिक रूप से बढ़ावा दे रही है। दौरे के समापन पर श्री ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश में खेलो इंडिया योजना का क्रियान्वयन “समर्पण और दक्षता” के साथ हो रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में राज्य से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई खिलाड़ी उभरेंगे।