वैष्णो देवी यात्रा में बड़ा हादसा, बाणगंगा में भूस्खलन से मचा हड़कंप; श्रद्धालुओं पर टूटा कहर

Author Picture
Published On: 21 July 2025

नई दिल्ली | माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग के बाणगंगा क्षेत्र में आज सुबह भारी भूस्खलन हुआ, जिससे वहां मौजूद कई श्रद्धालु फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन दल ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। अब तक की जानकारी के अनुसार, तीन से चार यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। हादसे में चेन्नई के एक श्रद्धालु की मौत हो गई है। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायलों की सूची जारी करते हुए सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है। भारी बारिश के कारण यात्रा मार्ग पर स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन ने यात्रियों से संयम बरतने और अधिकारियों के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

आज सुबह वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान बाणगंगा क्षेत्र में स्थित गुलशन लंगर के पास भारी बारिश के कारण बड़ा भूस्खलन हुआ। उस समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु तेज बारिश के बीच यात्रा कर रहे थे। इस अचानक हुई घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

रेस्क्यू जारी

संभावना जताई जा रही है कि बाणगंगा क्षेत्र में हुए भूस्खलन की चपेट में कुछ श्रद्धालु दबे हो सकते हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, स्थानीय प्रशासन, पुलिस, सीआरपीएफ तथा आपदा प्रबंधन दल राहत एवं बचाव कार्यों में तुरंत जुट गए हैं। हालांकि, लगातार हो रही तेज बारिश से राहत कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है और मार्गों पर यातायात जाम की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है।

बाणगंगा व बैटरी कार मार्ग बंद

भारी बारिश के चलते बाणगंगा मार्ग को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से यह निर्णय लिया है। फिलहाल, श्रद्धालु नये ताराकोट मार्ग से यात्रा जारी रख सकते हैं। इसके अलावा, बैटरी कार मार्ग को भी बीती रात 12:00 बजे के बाद बंद कर दिया गया है। तेज बारिश के चलते मिट्टी, पत्थरों और कंकड़ों का लगातार गिरना, जिससे इस मार्ग पर चलना असुरक्षित हो गया है।

घायलों का चल रहा इलाज

वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए भूस्खलन हादसे में घायल श्रद्धालुओं का इलाज जारी है। इस हादसे में मृतक श्रद्धालु की पहचान के. उपाना (70 वर्ष), पुत्र श्रीनिवास, निवासी चेन्नई (तमिलनाडु) के रूप में हुई है। वहीं, घायल श्रद्धालुओं में राजेंद्र भल्ला (70), पुत्र कृष्ण लाल, निवासी जमुना नगर (हरियाणा), लीला रैकवार (56), पत्नी रामचरण रैकवार, निवासी ललितपुर (उत्तर प्रदेश), राधा (66), निवासी चेन्नई, सुरेश कुमार आहूजा (66), पुत्र जवाहरलाल आहूजा, निवासी पुणे (महाराष्ट्र) शामिल हैं।

इसके अलावा, बाणगंगा स्थित प्रीपेड काउंटर में कार्यरत स्थानीय कर्मचारी निखिल ठाकुर (26), पुत्र जीत सिंह, निवासी टिकरी (उधमपुर) और विक्की शर्मा (36), पुत्र देवराज, निवासी धनोरी (कटड़ा) भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp