देश : गोवा के उत्तर जिले के अर्पोरा गांव में एक भीषण हादसा हो गया, जहां एक मशहूर नाइटक्लब में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जिसमे 25 लोगों की मौत हो गई। यह नाइटक्लब पिछले साल ही शुरू हुआ था और पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हो चुका था, लेकिन अचानक भड़की आग ने कुछ ही मिनटों में सबकुछ तबाह कर दिया। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
गोवा के उत्तर जिले के अर्पोरा गांव में शनिवार देर रात एक लोकप्रिय नाइटक्लब में गैस सिलेंडर फटने से अचानक भीषण आग भड़क उठी। जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिलेंडर फटने से लगी आग
यह घटना शनिवार देर रात उस समय हुई जब करीब 12 बजे नाइटक्लब के किचन में खाना बन रहा था। अचानक गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे देखते ही देखते आग पूरे क्लब में फैल गई। विस्फोट इतना तेज था कि आस-पास के घरों में रहने वाले लोगों ने भी इसका झटका महसूस किया। चारों तरफ धुआं और लपटें भर जाने से कई लोग समय रहते बाहर नहीं निकल पाए और दम घुटने या गंभीर जलने की वजह से उनकी मौत हो गई।
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF will be given to the next of kin of each deceased in the mishap in Arpora, Goa. The injured would be given Rs. 50,000: PM @narendramodi https://t.co/BcS0jYnvVx
— PMO India (@PMOIndia) December 7, 2025
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के अर्पोरा में नाइटक्लब हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है और पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना जताई। पीएम मोदी ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही, उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से बात कर स्थिति की विस्तृत जानकारी भी ली और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
The fire mishap in Arpora, Goa is deeply saddening. My thoughts are with all those who have lost their loved ones. May the injured recover at the earliest. Spoke to Goa CM Dr. Pramod Sawant Ji about the situation. The State Government is providing all possible assistance to those…
— Narendra Modi (@narendramodi) December 7, 2025
पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई
गोवा के अर्पोरा गांव स्थित नाइटक्लब में गैस सिलेंडर फटने के बाद मची अफरा-तफरी के बीच पुलिस और दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। धमाके के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मदद के लिए फोन किया, जिसके बाद रात 12:04 बजे कंट्रोल रूम में घटना की जानकारी पहुंची। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गईं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री
गोवा के अर्पोरा में हुए भीषण हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत रात में ही मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में नाइटक्लब द्वारा फायर सेफ्टी के नियमों का ठीक से पालन न करने की बात सामने आई है। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा में लापरवाही साबित होती है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पर्यटन सीजन के बीच हुई इस घटना को राज्य सरकार ने बेहद गंभीरता से लिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।
