आधार कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर बदलना अब बेहद आसान होने जा रहा है। UIDAI ने नई डिजिटल सर्विस की घोषणा की है, जिसके बाद लोग बिना किसी केंद्र पर जाए अपने मोबाइल से ही नंबर अपडेट कर सकेंगे। इस सुविधा से खास तौर पर दूरदराज के लोग और वरिष्ठ नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। UIDAI ने बताया कि मोबाइल नंबर बदलने की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और बेहद सरल होगी। किसी भी दस्तावेज या बायोमेट्रिक की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यूजर को सिर्फ AADHAAR ऐप डाउनलोड करना होगा, जिसमें आधार नंबर और नया मोबाइल नंबर डालते ही OTP आएगा। OTP वेरिफिकेशन के बाद फेस ऑथेंटिकेशन किया जाएगा और कुछ ही मिनटों में नंबर अपडेट हो जाएगा।
मोबाइल नंबर अपडेट क्यों जरूरी
आज आधार देश की सबसे बड़ी पहचान सेवा है, जिसमें 130 करोड़ से ज्यादा लोग जुड़े हैं। बैंकिंग, सब्सिडी, इनकम टैक्स, डिजीलॉकर और अन्य डिजिटल सेवाओं में OTP की जरूरत होती है। अगर मोबाइल नंबर पुराना हो जाए या खो जाए, तो कई जरूरी काम रुक जाते हैं। अभी तक नंबर अपडेट कराने लोगों को केंद्र तक जाना पड़ता था, जहां लंबी लाइनें और फॉर्म की परेशानी रहती थी। नई डिजिटल सुविधा इस समस्या को खत्म कर देगी।
नया आधार ऐप
UIDAI ने पिछले महीने आधार का नया मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया था। इस ऐप में एक ही मोबाइल में 5 अलग-अलग लोगों के आधार रखे जा सकते हैं। इसमें ‘सिलेक्टिव शेयरिंग’ की सुविधा है, जिससे आप सिर्फ जरूरी जानकारी ही किसी को भेज सकते हैं। ऐप को ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए फेस ऑथेंटिकेशन, सिक्योर लॉगिन और मल्टी-लैंग्वेज सपोर्ट जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
पुराने और नए ऐप में फर्क
पुराना mAadhaar ऐप अभी भी PDF डाउनलोड, PVC कार्ड या कुछ अपडेट्स के लिए इस्तेमाल होगा। नया आधार ऐप पूरी तरह प्राइवेसी-फोकस्ड है, जहां यूजर अपनी जानकारी को सुरक्षित रखते हुए आवश्यकता अनुसार ही साझा कर सकता है। नई डिजिटल सर्विस से होटल चेक-इन, बैंक KYC, सिम एक्टिवेशन जैसी प्रक्रियाएं और तेज हो जाएंगी। घर में सभी सदस्यों का आधार एक ही फोन में संभालना आसान होगा। साथ ही, पर्सनल डेटा एक्सपोज होने का खतरा भी कम रहेगा।
2009 से अब तक आधार की यात्रा
आधार की शुरुआत 2009 में हुई थी और आज देश के लगभग 130 करोड़ लोगों के पास आधार है। पहले पेपर कार्ड, फिर mAadhaar ऐप और अब पूरी तरह डिजिटल आधार ऐप सरकार की कोशिश है कि भविष्य में हर सेवा ऑनलाइन और सहज रूप से उपलब्ध हो सके।
