पाकिस्तानी हमले मे मारे गए 3 अफगानी क्रिकेटर, अफगानिस्तान के क्रिकेटरों ने घटना पर जताया दुख

Author Picture
Published On: 18 October 2025

अफगानिस्तान में शुक्रवार का दिन खेल प्रेमियों के लिए किसी बुरे सपना जैसा रहा। देश के तीन घरेलू क्रिकेट खिलाड़ी पाकिस्तान की ओर से किए गए एक हमले में मारे गए। ये हमला अफगानिस्तान के पाकटिका प्रांत के उरुगन इलाके में हुआ। हादसे के वक्त ये तीनों खिलाड़ी एक दोस्ताना मैच के बाद वहीं मौजूद थे।

जैसे ही ये खबर फैली, पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। क्रिकेट बोर्ड से लेकर खिलाड़ी और आम लोग — सब सदमे में हैं। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने साफ कहा कि ये हमला न सिर्फ हमारे खिलाड़ियों पर था, बल्कि ये पूरे देश के खेल और आत्मसम्मान पर हमला था। उन्होंने इस दुखद मौके पर अगले महीने होने वाली पाकिस्तान-श्रीलंका-ट्राई सीरीज से नाम वापस ले लिया है।

खिलाड़ियों ने जताया दुख

टीम के सीनियर ऑलराउंडर गुलबदीन नैब ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हमारे लोग और साथी क्रिकेटर शहीद हो गए। पाकिस्तानी फौज का ये हमला बहुत ही कायराना है। लेकिन हम अफगानी हैं, हमारी हिम्मत टूटने वाली नहीं।”

वहीं तेज़ गेंदबाज फजलहक फारुकी का ग़ुस्सा और ग़म दोनों साफ दिखा। उन्होंने कहा, “जो हुआ वो एक कत्ल है, मासूमों का और हमारे भाइयों का। अल्लाह उन्हें जन्नत दे और जालिमों को उनकी करनी की सजा।”

टीम के अनुभवी खिलाड़ी मोहम्मद नबी ने इस हादसे को दिल तोड़ देने वाला बताया। उन्होंने लिखा, “एक दोस्ताना मैच के बाद साथियों की मौत की खबर आई। ये सिर्फ एक हादसा नहीं, एक जख्म है पूरे अफगान क्रिकेट परिवार के लिए।”

लोगों में आक्रोश

सोशल मीडिया पर लोगों ने इस हमले के खिलाफ जमकर गुस्सा निकाला है। बहुत से लोग इस घटना को लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आवाज उठाने की मांग कर रहे हैं। एक देश जो लगातार संघर्षों से उबरकर क्रिकेट में नाम कमा रहा था, उसके तीन होनहार खिलाड़ियों की ऐसे जाना बेहद दर्दनाक है। अब सवाल ये है कि क्या सिर्फ निंदा करने से बात खत्म हो जाएगी, या इस पर कोई ठोस कदम भी उठेगा? फिलहाल तो अफगानिस्तान क्रिकेट में मातम पसरा हुआ है और हर दिल यही कह रहा है, “ये सिर्फ खिलाड़ी नहीं थे, ये हमारे सपने थे।”

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp